छात्रा के साथ शिक्षण संस्थान के बाहर 4 युवकों ने किया घिनौना काम, फिर दी जान से मारने की धमकी

1/14/2024 5:04:10 PM

जींद: शिक्षण संस्थान के बाहर से कार में चार युवकों ने अपहरण कर नशीला पदार्थ सुंघाकर छात्रा का दुष्कर्म किया। इस मामले में महिला थाना पुलिस ने शिक्षण संस्थान में पढ़ने वाले चार युवकों के खिलाफ दुष्कर्म, अहपरण, बंधक बनाने, मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया है।

शहर के एक शिक्षण संस्थान की छात्रा ने बताया कि 12 दिसंबर को वह अपने शिक्षण संस्थान के बाहर खड़ी होकर वाहन का इंतजार कर रही थी। इस दौरान उसके साथ पढ़ने वाले हांसी के गांव भकलाना निवासी सुनील गाड़ी लेकर आया और कहा कि वह उसे छोड़ देगा। वह गाड़ी में बैठ गई। बैठने पर उसे कुछ नशीला पदार्थ सुंघा दिया। उसे हिसार में एक जगह पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। उसे जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद सुनील के साथियों गांव मदीना निवासी मनोज, मनोहरपुर गांव निवासी रोहित और भिवानी जिले के हेतमपुरा निवासी साहिल ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे वापस छोड़ दिया गया। उस समय वह समाज में बदनामी के डर से चुप रही, लेकिन बाद में आरोपियों ने धमकी देकर लगातार उसका यौन शोषण करने शुरू कर दिया। महिला थाना पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर सुनील, साहिल, रोहित, मनोज के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Content Writer

Isha