प्रदेश में अब तक हुई 41 लाख 73 हजार मीट्रिक टन धान की खरीद
punjabkesari.in Monday, Oct 23, 2023 - 09:17 PM (IST)

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी) : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के निर्देशों पर प्रदेश में 25 सितंबर से शुरू हुई खरीफ फसलों की खरीद सुचारू रूप से जारी है। किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आ रही है क्योंकि मुख्यमंत्री ने पहले ही खरीद प्रक्रिया से संबंधित सभी तैयारियां सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के निर्देशों पर फसल की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जा रही है और 72 घंटों के भीतर भुगतान सनिश्चित किया जा रहा है।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के आंकड़ों के मुताबिक अब तक हैफेड व अन्य एजेंसियों ने 228754 किसानों से 4173663.43 मीट्रिक टन धान की खरीद की है। कुरुक्षेत्र में सबसे ज्यादा 856108.70 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई है। इसके साथ ही प्रदेश में बाजरे की खरीद भी सुगम तरीके से चल रही है। 23 अक्टूबर तक 123441 बाजरा किसानों से 365742.35 मीट्रिक टन बाजरे की खरीद की गई है। रेवाड़ी में सबसे ज्यादा 83190.67 मीट्रिक टन बाजरा खरीदा गया है।
गौरतलब है कि हरियाणा ने अन्य राज्यों से पहले खरीफ फसलों की खरीद शुरू कर किसानों को बड़ी राहत दी है। सरकार द्वारा मंडियों में किसानों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। मंडियों में स्वच्छ पेयजल और किसानों के विश्राम के लिए समुचित व्यवस्था की गई है। इसके अलावा किसानों को फसल की खरीद के 72 घंटों के भीतर ही भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है। खरीद को लेकर सरकार की व्यवस्था से किसान काफी खुश हैं और पारदर्शी व्यवस्था के लिए किसानों ने हरियाणा सरकार का आभार जताया है।
(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।)
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)