45 देशों के प्रतिनिधियों ने कृषि की बेहतरी के लिए किया मंथन: धनखड़

3/27/2018 11:24:24 AM

रोहतक(ब्यूरो): तृतीय एग्रीलीडरशिप सम्मिट ग्लोबल सम्मिट साबित हुई है। इस सम्मेलन में करीब 45 देशों के प्रतिनिधियों ने भागीदारी की। हरियाणा के कृषि, डेयरी, मत्स्य पालन तथा कृषि से जुड़े अन्य उत्पादों में विश्व के दूसरे देशों की भी गहरी रुचि है। यह बात कृषि मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ ने कही। वह सोमवार को एग्री सम्मिट के तीसरे दिन विदेशी प्रतिनिधियों के साथ आयोजित संगोष्ठी के उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि संगोष्ठी में नेपाल, कनेडा व मंगोलिया सरीखे कई देशों के प्रतिनिधियों के साथ हुए संवाद के उपरांत यह बात स्पष्ट है कि कृषि के क्षेत्र में अनेक चुनौतियां अन्य देशों में भी वैसे ही हैं जैसे भारत में। इनका समाधान किस तरह से खोजा जाए, इसकी चर्चा संगोष्ठी में की गई। हरियाणा में कृषि अथवा पशुपालन जैसे अनेक क्षेत्रों में जो बेहतर है उसकी प्रशंसा एवं अनुकरण के रास्ते पर विदेशी प्रतिनिधियों से बात हुई। हरियाणा जिन क्षेत्रों में बेहतर कर रहा है, उस पर अन्य देशों के साथ कुछ एम.ओ.यू. भी हस्ताक्षरित किए जाने पर सहमति बनी है। उन्होंने कहा कि दुग्ध के औसत उत्पादन में हरियाणा का अग्रणी होना सभी को आकर्षित कर रहा है।

जीरो बजट खेती की तरफ बढ़ रहा हरियाणा
एक सवाल के जवाब में कृषि मंत्री ने कहा कि जीरो बजट खेती मौजूदा समय में पूरे देश में पापुलर हो रही है। हरियाणा भी इस दिशा में बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश है कि कुछ गांव, फिर कुछ जिले पूरी तरह से ऑर्गैनिक खेती की तरफ जाएं। इसके लिए हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार में एक्सीलैंट सैंटर भी स्थापित किया गया है।
 

Punjab Kesari