चोरों के हौसले बुलंद, मंदिर में 45 लोगों के होते तोड़े 4 दानपात्र के ताले

8/31/2019 3:37:03 PM

यमुनानगर (सतीश): प्राचीन सूर्यकुंड मंदिर अमादलपुर में चोरी हो गई। चोरों ने मंदिर के 4 दानपात्र तोड़े, स्टोर रूम व मंदिर के प्रमुख अखिलानंद ब्रह्मचारी का कमरा भी खंगाला। नुक्सान कितना हुआ ये अभी किसी को नहीं पता। मंदिर के उत्तराधिकारी आचार्य अतुल कृष्ण ने सबसे पहले चोरी देखी। उन्होंने बूडिय़ा पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एफ.एस.एल. के साथ मौका किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आचार्य अतुल ने बताया कि सुबह जब वे उठे तो स्टोर रूम का ताला कटा हुआ मिला। अंदर सामान बिखरा हुआ मिला था। यहां पर 4 दानपात्र खोले हुए थे। इसी स्टोर रूम से जो सीढ़ी मंदिर प्रमुख अखिलानंद ब्रह्मचारी के कमरे में जाती है, को भी चोरों ने खंगाला। 

उस कमरे में क्या था यह ब्रह्मचारी को ही पता है। ब्रह्मचारी पिछले डेढ़-दो महीने से निजी अस्पताल में इलाज करवा रहे हैं। मंदिर में पहली बार नहीं, तीसरी बार चोरी हुई। एक दशक पहले चोरों ने ब्रह्मचारी को बंधक बनाकर चोरी की थी। उसे पीटा भी था। इससे पहले भी यहां चोरी हो चुकी है। अब जो चोरी हुई है वह सी.सी.टी.वी. में भी कैद नहीं हो सकी। बरसात और आंधी की वजह से कैमरा खराब थे। इसके अलावा बीती रात मंदिर में करीब 45 लोग थे। 2 लोग तो अखंड रामायण पाठ कर रहे थे। उसके बावजूद चोरी हो गई और किसी को पता भी नहीं चला। आचार्य अतुल कृष्ण ने बताया कि उन्हें ब्रह्मचारी की ओर से करीब 2 माह पहले ही उत्तराधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। दानपात्र हम माह खोले जाते हैं। जो दान पात्र तोड़े गए उनमें कितना धन था पता नहीं। उन्होंने कहा कि सी.सी.टी.वी. सहित अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू किया जा रहा है। 

लाखों का हुआ नुक्सान : ब्रह्मचारी
देर शाम अस्पताल में उपचाराधीन ब्रह्मचारी अखिलानंद स्वामी ने बताया कि उनके बैडरूम में 2 लाख रुपए थे। सोने के आभूषण थे, पूजा करने वाले चांदी के बर्तन थे। इसके अलावा दूसरे बर्तन थे। एक दानपात्र में करीब 5 हजार और बाकी में हजारों हो सकते हैं, ये सब चोरी हो गए हैं। 

Isha