हरियाणा सरकार को रोडवेज कर्मचारियों ने दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम(Video)

8/23/2018 12:30:14 PM

फतेहाबाद(रमेश भट्ट): हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों ने एक बार फिर से सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। कर्मचारियों के नेताओं ने कहा कि सरकार उनकी मांगे मान ले अन्यथा कर्मचारी एक बार फिर आंदोलन की राह अपना सकते हैं। रोड़वेज कर्मचारी आज यहां फतेहाबाद में प्रदर्शन कर रहे थे।

प्रदर्शन के दौरान उन्होंने कहा कि सरकार ने 7 अगस्त की राष्ट्रव्यापी हड़ताल में भाग लेने पर उनके राज्य उपमहासचिव राम असारे यादव को निलंबित कर दिया। साथ ही रोडवेज के 900 कर्मचारियों पर कार्रवाई की बात कही जा रही है। सरकार अगर इस प्रकार से कर्मचारियों पर दमनात्मक कार्रवाई करती है तो रोडवेज यूनियन इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा। कर्मचारी नेताओं ने तुरन्त निलम्बन आदेश रद्द करने की मांग की है।

उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि 48 घंटों के अंदर अगर रोडवेज कर्मचारियों पर की गई कार्रवाई को वापिस नहीं लिया गया और 900 चालकों व अन्य कर्मचारी नेताओं पर प्रस्तावित दमनात्मक कार्रवाई वापस नहीं ली गई तो हरियाणा रोडवेज कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति प्रदेश के सभी डिपो में पूर्ण चक्का जाम व हड़ताल करने पर मजबूर होगी।   
 

Rakhi Yadav