गिरफ्तार किए गए 5 किसान रिहा, जेल से निकलने के बाद पांचों धरना स्थल पर पहुंचे

7/22/2021 7:33:28 PM

सिरसा (सतनाम): हरियाणा के डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा की गाड़ी पर हुए हमले मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए 5 किसानों को रिहा कर दिया गया है। जेल से रिहा होते ही किसान धरना स्थल पर पहुंचे, जहां किसान एकता जिंदाबाद के नारे लगाए गए। वहीं किसानों की रिहाई पर प्रहलाद सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ये किसानों की जीत हुई है।

बता दें कि सिरसा में किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर रणबीर सिंह गंगवा की गाड़ी पर पत्थर लगने से गाड़ी का पिछला शीशा टूट गया था। रणबीर सिंह गंगवा व सांसद सुनीता दुग्गल सिरसा की चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी में भाजपा के कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे, जहां उनको किसानों के विरोध प्रदर्शन का सामना करना पड़ा। हालांकि रणबीर सिंह गंगवा को पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाल दिया। 

इस मामले में पुलिस ने 100 से अधिक किसानों पर देशद्रोह का मामला दर्ज किया था। इसके बाद 5 किसानों को गिरफ्तार किया गया था। किसानों की गिरफ्तारी के विरोध में किसानों ने लघु सचिवालय के मुख्य गेट पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस धरने के बीच किसानों की रिहाई को लेकर किसान नेता बलदेव सिंह सिरसा आमरण अनशन पर बैठ गए। आज भी उनका अनशन जारी रहा, लेकिन शाम को गिरफ्तार किसानों को रिहा कर दिया गया। 
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Writer

vinod kumar