5 गांवों के चकबंदी पीड़ितों को कोर्ट से मिला इंसाफ

6/30/2017 12:46:04 PM

करनाल (कमल मिड्ढा):यमुना से सटे 5 गावों की जमीन की चकबंदी मामले में पीड़ित किसान परिवारों को कोर्ट से इंसाफ मिला है। बता दें, पिछले 5 साल के लंबे समय से कोर्ट में केस चल रहा था। घरौंडा में आने वाले गांव कालरम, राईपुरा, भरतपुर, लालूपुरा ओर अमृतपुर कला 5 गांवों के किसानों ने लम्बी लड़ाई लड़ी। बताया जा रहा है कि अब दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। 

उल्लेखनीय है कि गांवों के पीड़ित किसानों ने कई बड़े अधिकारियों पर किसानों की जमीन हड़पने व धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया था। उन्होंने प्रदेश का पूर्व कमिश्नर, पूर्व विधायक के बेटे, पूर्व सरपंच समेत कई लोगों के नाम उजागर किए थे। ये पीड़ित पिछले कई महीनों से आंदोलन कर रहे थे। यहां तक कि चकबंदी पीड़ित ग्रामीणों ने संत गोपालदास के नेतृत्व में करनाल का रेल ट्रैक भी जाम किया था। बाद में कई लोग गिरफ्तार हुए थे। चकबंदी पीड़ित ग्रामीणों ने आंदोलन तेज करते हुए हुड्डा सरकार के समय दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी धरना दिया था। परन्तु आज उन्हें कोर्ट से इंसाफ मिल गया है।