सर्व कर्मचारी संघ के 5 नेताओं पर मुकद्दमा दर्ज

9/12/2018 9:15:22 AM

चंडीगढ़(पांडेय): सोमवार को विधानसभा कूच के दौरान कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज के बाद यू.टी. चंडीगढ़ पुलिस ने सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के 5 नेताओं पर मुकद्दमा दर्ज किया है। मनीमाजरा पुलिस स्टेशन में सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रधान धर्मबीर फोगाट, महासचिव सुभाष लांबा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री, ऑडीटर सतीश सेठी व पंचकूला जिला सचिव श्रवण कुमार जांगड़ा के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज की गई है। 

उल्लेखनीय है कि सोमवार को विभिन्न विभागों के भारी तादाद में कर्मचारी विधानसभा कूच के लिए पंचकूला पहुंचे थे। सुबह 11 बजे से सायं 4.30 बजे तक जब सरकार का कोई प्रतिनिधि सुध लेने नहीं आया तो कर्मचारीयों ने यू.टी. चंडीगढ़ पुलिस द्वारा लगाए गए अवरोधकों से आगे बढऩे का प्रयास किया। इस पर पुलिस ने पहले वाटर कैनन का प्रयोग किया और उसके बाद आंसू गैस के 26 गोले दागे। इसके बावजूद जब कर्मचारियों का आक्रोश शांत नहीं हुआ तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, जिसमें तीन दर्जन से ज्यादा कर्मचारी घायल हो गए थे। 

सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के महासचिव सुभाष लांबा ने बताया कि हरियाणा सरकार की संवेदनहीनता एवं उकसाने वाली कार्रवाई के कारण ही सोमवार को पुलिस व कर्मचारियों के बीच टकराव हुआ। उन्होंने कर्मचारियों द्वारा पुलिस पर डंडों, पानी की बोतल व पत्थर फैंकने के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। महासचिव सुभाष लांबा ने बताया कि सरकार कर्मचारियों के आंदोलन को झूठे मुकद्दमे दर्ज करके, एस्मा लगाने, गिरफ्तार करने, सेवाएं बर्खास्त एवं निलंबन करके नहीं रोक पाएगी। बुधवार को पूरे प्रदेश में आंदोलन किया जाएगा।
 

Rakhi Yadav