वन विभाग की नई पहल, 5 लाख 42 हजार पौधों से भिवानी होगा हरा-भरा(Video)

7/12/2018 7:57:21 PM

भिवानी(अशोक भारद्वाज) : पर्यावरण की शुद्धता-स्वच्छता और जिले को हरा-भरा बनाने के लिए जिला भिवानी में वन विभाग द्वारा पांच लाख 42 हजार पौधे लगाए जाएंगे। इनमें 6,660 पौधे हर गांव पेड़ों की छांव योजना के तहत पंचायतों को दिए जाएंगे।  हर घर हरियाली योजना के तहत नागरिकों को 40 हजार फलदार पौधे दिए जाएंगे। 

इसके अलावा 80 हजार पौधे नागरिकों की डिमांड के अनुरूप नि:शुल्क और एक रुपया प्रति पौधे के हिसाब से दिए जाएंगे। इसके साथ-साथ जिला प्रशासन द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए जन-मानस से की गई अपील पर सामाजिक संस्थाओं ने भी अपने हाथ बढ़ाने शुरु कर दिए हैं। इस कड़ी में श्री कृष्ण प्रणामी जनकल्याण ट्रस्ट ने शहर में 500 पौधे लगाने का बीड़ा उठाया है। जिसकी शुरुआत उपायुुक्त अंशज सिंह ने आज लघु सचिवालय परिसर में पौधारोपण करके की। 
 

लघु सचिवालय परिसर में पौधारोपण के दौरान जानकारी देते हुए उपायुक्त ने बताया कि वन विभाग द्वारा इस वर्ष 497 हेक्टेयर में पांच लाख 31 हजार 850 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके अलावा सड़कों, नहरों व मानईरों के साथ-साथ किनारों पर 205 रनिंग कि.मी.क्षेत्र में पौधारोपण किया जाएगा। बंजर भूमि को उपजाऊ बनाने के लिए जिले में सात हेक्टेयर क्षेत्र में 7700 पौधे लगाए जाएंगे, जिसमें भिवानी, लोहारू और सिवानी में दो-दो-दो हेक्टेयर में 2200-2200 और तोशाम में 1100 पौधे लगाए जाएंगे। जिले की 48 हेक्टेयर पंचायती भूमि पर 27000 पौधे लगाए जाएंगे, जिसमें भिवानी, लोहारू और सिवानी में 6600-6600 और तोशाम में 72 पौधे लगाए जाएंगे, जिनमें छोटे व बड़े सभी प्रकार के पौधे शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि हर गांव-पेड़ों की छांव योजना के तहत जिले में आने वाले सभी गांवों को अधिकत्तम 100-100 पौधे दिए जाएंगे। जिनमें भिवानी, लोहारू व सिवानी में 1670-1670 तथा तोशाम में 1650 पौधे दिए जाएंगे। इसी प्रकार हर घर हरियाली योजना के तहत जिले में 40 हजार पौधे देने की योजना है। जिनमें मांग के अनुरूप प्रत्येक घर में फलदार एक से पांच पौधे दिए जाएंगे। भिवानी, लोहारू, सिवानी व तोशाम में दस-दस हजार पौधे दिए जाएंगे। 

जिले में फार्म फोरसट्री क्लोन योजना के तहत 353 हेक्टेयर में 11100 पौधे प्रति हेक्टेयर के हिसाब से तीन लाख 88 हजार 300 सफेदे लगाए जाएंगे। इसी प्रकार से अरावली क्षेत्र में प्राकृतिक पौधों की सुरक्षा हेतू 200 पौधे प्रति हेक्टेयर लगाए जाएंगे, जिसमें छह हजार पौधे तोशाम क्षेत्र में लगाए जाएंगे। रेतीले  इलाके में 17 हजार 600 पौधे भूमि कटाव को रोकने के लिए लगाए जाएंगे। जिसमें भिवानी, लोहारू, सिवानी व तोशाम में 4400- 400 पौधे लगाए जाएंगे। जिले में 35 हजार पौधे कैंपा सीएटीपी योजना के तहत और 12 हजार पौधे कैंपा एनपीवीटीपी के तहत लगाए जाएंगे। 

श्री कृष्ण प्रणामी जनकल्याण ट्रस्ट के शहर में पौधारोपण अभियान का वीरवार को उपायुक्त अंशज सिंह व एसडीएम सतीश कुमार ने लघु सचिवालय परिसर में शुभारंभ किया। इस दौरान  ट्रस्ट के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. मुरलीधर शास्त्री ने बताया कि पर्यावरण की शुद्धता के लिए प्रशासन द्वारा सामाजिक संस्थाओं से की गई अपील को स्वीकार करते हुए स्वामी सदानंद महाराज एक अभियान चलाने का बीड़ा उठाया है। ट्रस्ट द्वारा शहर के सरकुलर रोड़ सहित विभिन्न क्षेत्र में न केवल 500 पौधे लगाए जाएंगे बल्कि उनकी सुरक्षा के लिए सीमेंट या लोहे की जाली के ट्री गार्ड भी लगाए जाएंगे। 

इस दौरान जिला वन मंडल अधिकारी राजेश आर्य, प्राचार्य डॉ. अनिल गौड़, डॉ. महेंद्र पंवार, ट्रस्ट के सदस्य रामकुमार गोयल, राजेंद्र शर्मा, हनुमान तायल, सुरेश केडिय़ा, सीताराम सिंगला, सुरेश तायल, अशेाक तायल, नरेश शास्त्री, तेजपाल, रमेश अग्रवाल, रामोतार सिंगला, पंडित रामकिशन शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद थे। 

उपायुक्त अंशज ने कहा कि वन विभाग द्वारा पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अलावा आमजन व अन्य सामाजिक संस्थाओं को भी जिले में पर्यावरण की शुद्धता व स्वच्छता के लिए पौधारोपण करना चाहिए। शहर में श्री कृष्ण प्रणामी जनकल्याण ट्रस्ट का शहर में पौधारोपण करवाने का कदम सराहनीय है। साथ ही एसडीएम सतीश कुमार ने कहा कि शहर में पौधा रोपण के लिए सामाजिक संस्थाओं को प्रशासन द्वारा हर संभव सहयोग दिया जाएगा। पौधारोपण अभियान को एक मुहिम में तब्दील किया जाएगा। 


 

Rakhi Yadav