फिर कटे 5 महिलाओं के बाल, लोगों में दहशत

7/20/2017 9:35:50 AM

महेंद्रगढ़ (दिनेश/मनोज):क्षेत्र में महिलाओं के बाल कटने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं हैं जिस कारण लोग भयभीत हैं। गत सुबह लगभग साढ़े 7 बजे माजरा कलां निवासी चमेली देवी (57) पत्नी यादराम रसोई में सफाई का कार्य कर रही थी। उसी दौरान दरवाजे पर एक फकीर ने अलख जगाई तो वह अंदर से खाने का सामान लेकर आई। फकीर ने आशीर्वाद देने के लिए सिर पर हाथ रखा तो बाल नीचे गिर गए तथा महिला बेहोश हो गई। परिजनों ने महिला को अस्पताल पहुंचाया जहां से चिकित्सकों ने उसे नारनौल रैफर कर दिया। 

-वहीं, गांव नावां निवासी महिला बीरमती (50) पत्नी मोतीलाल घर में काम कर रही थी। अचानक गिरकर बेहोश हो गई। परिजनों ने देखा तो उसके बाल नीचे गिरे हुए थे। परिजन बेहोशी की हालत में उसे भी अस्पताल ले आए। तबीयत ठीक होने पर उसे घर भेज दिया। 

-इसी प्रकार गांव नावां में ही सायं करीब साढ़े 6 बजे मनीषा (25) पत्नी जिले सिंह के भी बाल कथित रूप से काटे जाने की सूचना है। बाल किसने और कैसे काटे, यह बात अभी तक रहस्य बनी हुई है। 

-गांव मंढिय़ाली में मंगलवार सायं करीब सवा 7 बजे प्रियंका (22) पत्नी अजय पुत्र सुभाषचंद के बाल कटने की बात कही गई। पीड़िता को परिजन अस्पताल ले गए जहां से बुधवार सुबह उसको छुट्टी दे दी गई।

खेत से चारा लाते समय कटी चोटी
बावल (रोहिल्ला): गांव जयसिंहपुर खेड़ा निवासी महिला की खेत से चारा लाते समय चोटी कट गई। चोटी कटी देख महिला बेहोश हो गई जिसे अस्पताल ले जाया गया।महिला सुरेश देवी (25) अपने पुत्र राजेश (20) के साथ खेत में चारा लेने गई थी। चारा लेकर जब वह आ रही थी तो अचानक चिल्लाने लगी जैसे किसी ने गर्दन पर काट खाया है। वह छटपटाने लगी और कुछ क्षण बाद बेहोश होकर गिर गई। बेटे ने मां की चोटी कटी देखी और सूचना परिजनों व ग्रामीणों को दी। सुरेश देवी को तुरंत सी.एस.सी. ले जाया गया। डा. गिरीश कुमार ने बताया कि महिला बहुत घबराई हुई है। उपचार के 3 घंटे बाद उसे होश आया।

यह शरारती तत्वों की करतूत:कैलाशचंद
थाना प्रभारी कैलाशचंद ने मौके पर जाकर दोनों पीड़ित महिलाओं व उनके परिजनों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इन मामलों में कितनी सच्चाई है यह जांच का विषय है। उन्होंने कहा कि यह शरारती तत्वों की करतूत है जो जनता में भय व सनसनी का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।