55 फीसदी एन.एच.एम. कर्मी ही काम पर लौटे, दूसरों को दी गई अंतिम हिदायत : विज
12/13/2017 10:57:10 AM
चंडीगढ(चंद्रशेखर धरणी):हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की घुड़की के बाद भी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के हड़ताली कर्मचारियों के रोष में कमी नहीं आई है। यही वजह रही कि मंगलवार शाम तक सिर्फ 55 फीसदी कर्मचारी ही काम पर लौट पाए हैं जबकि अभी भी 5,460 कर्मचारी हड़ताल में शामिल हैं। हड़ताल का सर्वाधिक असर गुरुग्राम, फरीदाबाद और मेवात में दिखाई दिया जहां सबसे ज्यादा कर्मचारियों ने हड़ताल में हिस्सा लिया। एन.एच.एम. कर्मचारियों के हड़ताल के कारण कई जिलों में स्वास्थ्य सेवाएं भी बुरी तरह से प्रभावित हो रही हैं।
हालांकि सरकार की ओर से कर्मचारियों की सेवाएं खत्म करके नई भर्ती करने की पहल शुरू कर दी गई है, लेकिन अंदरूनी तौर से अभी भी सरकार को हड़ताली कर्मचारियों के काम पर लौटने का इंतजार है। सरकार का मानना है कि कर्मचारियों की अधिकतर मांगें मान ली गई हैं और पक्का करने की पॉलिसी केंद्र सरकार के पास भी नहीं है, ऐसे में इस शर्त के लिए बेवजह हड़ताल ठीक नहीं है। इन सबके बीच अब तक हड़ताल में शामिल 3,728 कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।
हड़ताली कर्मचारियों का जिलेवार ब्यौरा
जिला कुल कर्मचारी हड़ताली कर्मचारी हड़ताल से वापस बर्खास्त कर्मी लौटे कर्मचारी
पलवल 328 312 316 0
गुरुग्राम 639 580 600 600
सिरसा 546 473 473 473
फरीदाबाद 645 559 559 559
फतेहाबाद 410 243 330 334
करनाल 492 337 334 332
हिसार 723 379 453 0
मेवात 550 457 457 387
अम्बाला 557 286 271 0
झज्जर 539 416 416 428
कुरुक्षेत्र 492 291 283 0
रोहतक 464 260 242 242
पानीपत 300 230 250 200
कैथल 448 200 173 173
नारनौल 314 0 176 0
सोनीपत 561 166 192 0
रेवाड़ी 410 0 61 0
यमुनानगर 554 225 193 0
भिवानी 745 12 9 0
पंचकूला 350 34 32 0
जींद 534 0 88 0
कुल 10601 5460 5908 3728
कर्मचारियों को दी गई अंतिम हिदायत : विज
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की ओर से हड़ताली कर्मचारियों को काम पर लौटने के लिए आखिरी हिदायत दी गई है। इसके बाद भी यदि कर्मचारी ड्यूटी नहीं ज्वाइन करते हैं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि विज ने यह भी कहा कि कर्मचारियों की सभी जायज मांगें मान ली गई हैं और अब उन्हें खुद से ही ड्यूटी पर आ जाना चाहिए।