माता मनसा देवी पहुंचे हिमाचल कांग्रेस के 6 बागी और 3 निर्दलीय विधायक, CM हरियाणा के पब्लिसिटी एडवाइजर तरुण भंडारी भी रहे मौजूद

3/6/2024 8:24:36 PM

चंडीगढ़ (चंद्रशेखर धरणी): हिमाचल की सत्ता का तख्ता पलट होगा या सरकार बचेगी इस प्रश्न का जवाब फिलहाल किसी के पास नहीं है। लेकिन गतिविधियां बता रही है कि हिमाचल की राजनीति में बड़ा भूचाल आने वाला है। बुधवार को कांग्रेस के बागी 6 विधायक तथा 3 निर्दलीय विधायक जिनकी मदद से भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार हर्ष महाजन की जीत हुई थी, इकट्ठे माता मनसा देवी मंदिर दरबार पहुंचे। इनके साथ मुख्यमंत्री हरियाणा के पब्लिसिटी एडवाइजर तरुण भंडारी भी थे। बता दें कि यह विधायकों का मामला फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में लगा हुआ है। कई दिनों से यह सभी विधायक अपना राज्य छोड़ होटल ललित चंडीगढ़ में ठहराव किए हुए हैं। होटल ललित के बाद इन तमाम विधायकों की यह पहले मूवमेंट देखी गई है।

हिमाचल के मंत्री विक्रमादित्य, राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन, नौ विधायकों तथा तरुण भंडारी ने किया था एक साथ डिनर : सूत्र

गौरतलब है कि इन तमाम विधायकों से होटल ललित में ही हिमाचल के कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य भी दो बार मुलाकात कर चुके हैं। हालांकि चर्चा यही है कि विक्रमादित्य हिमाचल की कांग्रेस सरकार के तख्तापलट की पूरी रूपरेखा तैयार कर चुके हैं, बस केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात का इंतजार है। वह दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मिल चुके हैं। नड्डा की जन्म व कर्मभूमि भी हिमाचल है। इसलिए यह बैठक किसी भी प्रकार से साधारण नहीं मानी जा सकती। अगले एक-दो दिन में ही विक्रमादित्य की मुलाकात राजनीति के चाणक्य कहे जाने वाले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से होनी है। नड्डा से मुलाकात के बाद होटल ललित की तीसरी मंजिल पर विक्रमादित्य का रात्रि ठहराव तथा मुख्यमंत्री हरियाणा के पब्लिसिटी एडवाइजर तरुण भंडारी तथा नौ विधायकों के साथ डिनर करना एक बड़े राजनीतिक उलटफेर की ओर इशारा कर रहा है। क्योंकि उस दौरान होटल ललित में ही भाजपा के नवनियुक्त राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन की मौजूदगी बताई जा रही है। हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री राजा वीरभद्र के पुत्र कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य का तीन दिन का दिल्ली दौरा तथा होटल ललित में इस प्रकार की असाधारण बैठक कोई नया रंग हिमाचल की राजनीति में ला सकती है।

हिमाचल में सत्ता पलट हुई तो आगामी विधानसभा चुनावों में भी भाजपा को होगा बड़ा फायदा

मुख्यमंत्री मनोहर लाल के पब्लिसिटी एडवाइजर तरुण भंडारी का लगातार इन 9 विधायकों के साथ देखा जाना कोई आम साधारण बात नहीं हो सकती। क्योंकि भाजपा के लिए भंडारी की कूटनीति बेहद लाभदायक साबित होती रही है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल अपने इस बेहद विश्वसनीय सेनापति भंडारी को महत्वपूर्ण टास्क देते रहे हैं। पड़ोसी राज्य हिमाचल में अगर सत्ता पलट का खेल सफल हो गया तो फिर केंद्र की नजर में मुख्यमंत्री का वजन पहले से भी कहीं अधिक भारी हो जाएगा और मुख्यमंत्री की नजर में उनके पब्लिसिटी एडवाइजर तरुण भंडारी का कद भी बढ़ जाएगा। इसके साथ-साथ आगामी होने वाले लोकसभा -विधानसभा चुनावों में भी भारी फायदा होना तय है। भंडारी की इस ड्यूटी का मुख्य कारण काग्रेस में भंडारी की बड़ी पैठ भी मानी जा सकती है। इससे पहले भी भंडारी भाजपा के लिए कई बड़े असंभव काम भी संभव बना चुके है।

 

Content Editor

Nitish Jamwal