66वीं अखिल भारतीय पुलिस हॉकी प्रतियोगिता, सीएम ने किया सम्मानित

12/13/2017 11:29:35 AM

राई(ब्यूरो):मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स राई में आयोजित 66वीं अखिल भारतीय पुलिस हॉकी प्रतियोगिता का खिताब पंजाब ने अपने नाम किया है। फाइनल मुकाबले में पंजाब ने बी.एस.एफ. को 3-0 से रौंदकर प्रथम स्थान कब्जाया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला पंजाब व बी.एस.एफ. के मध्य खेला गया। 

पंजाब ने शुरूआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए मैच में बढ़त बनाए रखी और इसे अंत तक कायम रखा। हालांकि बी.एस.एफ. के खिलाडिय़ों ने गोल दागने के भरसक प्रयास किए किंतु पंजाब की रक्षात्मक पंक्ति को भेदने में कामयाबी नहीं मिली। ऐसे में पंजाब ने मुकाबले में जीत दर्ज की। गत वर्ष पंजाब को उप-विजेता (द्वितीय स्थान) के सम्मान से संतोष करना पड़ा था। तीसरे स्थान के लिए सी.आर.पी.एफ. व आई.टी.बी.पी. की टीमों के मध्य मुकाबला हुआ। 

गत वर्ष की चैम्पियन टीम रही सी.आर.पी.एफ. ने आई.टी.बी.पी. को 6-3 से शिकस्त देकर तृतीय स्थान झटका। इस दौरान प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस मौके पर महाराष्ट्र की टीम को फेयर प्ले अवार्ड से पुरस्कृत किया गया।