7 दिन में आरोप सिद्ध नहीं हुए तो करेंगे मानहानि का केस

5/3/2017 11:06:24 AM

करनाल:करनाल रैस्ट हाऊस में खनन मंत्री नायाब सैनी व मुख्यमंत्री के ओ.एस.डी. अमरेंद्र सिंह ने कांग्रेसी विधायक कर्ण दलाल व पूर्व स्पीकर व विधायक कुलदीप शर्मा द्वारा प्रैस वार्ता कर लगाए गए भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों का जवाब देने के लिए कुछ ही घंटों बाद प्रैस वार्ता कर अपना पक्ष रखा। कहा कि अगर उनके ऊपर जो भी आरोप लगाए गए हैं, सभी निराधार है और कहा कि सबूत पेश किए जाएं। 

मुख्यमंत्री के ओ.एस.डी. अमरेन्द्र सिंह ने कहा कि गलत आरोप लगाने वालों को 7 दिन में नोटिस दिया जाएगा और मानहानि का केस किया जाएगा। नायब सिंह सैनी ने कुलदीप शर्मा और कर्ण दलाल पर निशाना साधते हुए बोले कि कांग्रेस का पुराना कल्चर आरोप लगाओ और भाग जाओ। खनन एवं भू-विज्ञान राज्य मंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा प्रदेश में खनन के ब्लॉकों को लीज पर देने का कार्य ई-टैंडरिग के माध्यम से किया जा रहा है। 

इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना है। जिन ठेकेदारों ने मानिंग का ठेका लिया है। उन्हें निर्धारित समय अवधि के दौरान किस्तें भरनी होती हैं। इतना ही नहीं माइनिंग का कार्य भी निर्धारित मापदंड के अनुसार ही करना होता हैं। जो संबंधित ठेकेदार विभाग की किस्तें समय पर नहीं भर रहे हैं उनकी किस्तें धरोहर सम्पत्ति से काट ली जाएंगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष के लोगों को सरकार की पारदर्शिता हजम नहीं हो रही है इसलिए वे सरकार को बदनाम करने के लिए झूठे और बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। इस मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष जगमोहन आनंद, भाजपा के युवा जिलाध्यक्ष मुकेश अरोड़ा, राजबीर शर्मा, नरेन्द्र पंडित तथा शमशेर सिंह भी उपस्थित रहे।