7 फुट की दीवार गिरी, चोट लगने से 2 वर्षीय बच्ची की माैत

2/1/2020 1:36:22 PM

पानीपत(संजीव): साई कालोनी ऊझा रोड स्थित एक मकान की 7 फुट की दीवार गिर गई। इसकी चपेट में आने से 2 साल की बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी चाची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में बच्ची की बहन व चाचा को भी मामूली चोट आई है। गंभीर रूप से घायल महिला को निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है, जबकि मृत बच्ची को दफना दिया है। परिजनों का आरोप है कि मकान मालिक द्वारा समय पर दीवार की मुरम्मत न करवाने के चलते यह हादसा हुआ है। परिजनों ने पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी है। विक्की व उसका छोटा भाई चांद अपने-अपने परिवार सहित साई कालोनी में एक मकान में 2 साल से किराए पर रह रहे हैं। 

घायल सरिता ने बताया कि शुक्रवार सुबह उसका जेठ विक्की काम पर चला गया। घर में वह, पति चांद, जेठानी मनीषा व जेठानी की 2 बेटियां वैष्णवी उर्फ टुग्गी (2) व रिष्टी (2 माह) घर पर ही थे। सुबह करीब साढ़े 10 बजे उसने चाय बनाकर पति को दी तथा खुद वैष्णवी को साथ लेकर सीढिय़ों की बाऊंड्री के पास चाय पीने बैठ गई। उसका पति कुछ दूरी पर बैठकर चाय पीने लगा। 

इसी दौरान सीढिय़ों की बाऊंड्री पर बनी करीब 7 फुट ऊंची दीवार गिर गई जिससे वैष्णवी तथा वह दीवार की चपेट में आ गए। उसके सिर, हाथ व पैर में चोटें आईं, जबकि वैष्णवी को भी काफी चोटें लगीं। दीवार के कुछ टुकड़े उसके पति व दूसरी भतीजी को लगे जिससे उन्हें भी चोटें आईं। उसके पति ने मामले की सूचना फोन करके जेठ विक्की को दी। वह मौके पर पहुंचा तथा दोनों भाइयों ने उन्हें निजी अस्पताल में पहुंचाया। यहां डाक्टरों ने उसे रैफर कर दिया। उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने वैष्णवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसे दाखिल कर लिया।

2 मिनट पहले ही कमरे में गई जेठानी
सरिता ने बताया कि दोनों परिवार में अच्छा तालमेल है। अक्सर एक साथ बैठकर खाना-पीना आदि होता है। उसकी जेठानी मनीषा उनके पास ही बैठी थी। उसे अचानक कुछ काम याद आया तथा वह अंदर कमरे में चली गई। तभी यह हादसा हो गया। जैसे ही दीवार गिरने की आवाज हुई तो मनीषा दौड़कर कमरे से बाहर आई और पूरा दृश्य देखकर सहम गई।

29 जनवरी को मनाया था वैष्णवी का जन्मदिन
विक्की ने बताया कि वह सैक्टर-29 में सीवरेज डालने के काम में मजदूरी करने जाता है। सुबह जैसे ही काम पर गया तो बीच रास्ते ही छोटे भाई ने फोन करके मामले की सूचना दी। इस पर वह तुरंत घर लौटा। रोते हुए विक्की ने बताया कि उन्होंने गत 29 जनवरी को वैष्णवी का जन्मदिन मनाया था। उसकी बेटी तीसरे साल में लगी थी। उसे नहीं पता था कि वैष्णवी का यह आखिरी जन्मदिन साबित होगा।

Edited By

vinod kumar