जींद में 80 वर्षीय बुजुर्ग से 1 करोड़ की ठगी, Digital Arrest कर दिया वारदात को अंजाम
punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2026 - 04:26 PM (IST)
जींद : साइबर ठगी करने वाले लोगों ने जींद जिले के कस्बे सफीदों के 80 वर्षीय एक बुजुर्ग को डिजिटल अरैस्ट करके उससे करीब 1 करोड़ रुपए ठग लिए। जानकारी अनुसार सफीदों की आदर्श बस्ती निवासी हवा सिंह मार्कीटिंग सोसायटी से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। अभी 12 मार्च को साइबर ठगी करने वाले लोगों ने उन्हें डिजिटल अरैस्ट कर लिया। उन्हें कहा कि उनके खिलाफ मुकद्दमा दर्ज है और उनके खाते में मनी लॉन्ड्रिंग का पैसा आया हुआ है। उनके पास जितने भी पैसे हैं वह एक बार उन्हें ट्रांसफर कर दें। यह पैसा उनके पास सुरक्षित रहेगा और इस मामले का निपटारा होने के बाद यह पैसा उन्हें वापस कर दिया जाएगा।
साइबर ठगी करने वाले लोगों ने हवा सिंह को स्पष्ट तौर पर बताया कि उन्हें डिजिटल अरैस्ट किया जा रहा है और वह उनकी निगरानी में रहेंगे। वह साइबर ठगों के झांसे में आ गए और उन्होंने 98 लाख 25 हजार रुपए उनके कहे अनुसार उनके द्वारा बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए। हवा सिंह ने बताया कि उन्हें 12 से 19 मार्च तक डिजिटल अरैस्ट करके रखा। बाद में जब हवा सिंह को इस बात का अहसास हुआ कि उसके साथ ठगी हो गई है तो उसने साइबर सैल की मदद ली। साइबर क्राइम थाना जींद पुलिस ने हवा सिंह की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)