सोने के बुरादे की जगह मिट्टी थमाकर दुकानदार से ठगे 9 लाख रुपये

8/8/2019 12:02:07 PM

सोनीपत  (पवन राठी) : सोनीपत के गांव नांगल कलां के किरयाना दुकानदार को सोने का बुरादा बेचने के नाम पर नौ लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। दुकानदार का आरोप है कि उसके पास देशी घी बेचने के लिए आने व्यक्ति ने उसके साथ ठगी की वारदात को अंजाम दिया है। वह सोने के बुरादे की जगह मिट्टी थमा गया। पुलिस ने मामले में दुकानदार के बयान पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।

गांव नांगल कलां निवासी नरेश कुमार ने पुलिस को बताया कि वह प्याऊ मनियारी में किरयाना की दुकान चलाता है। उसने बताया कि तीन माह पहले उसके पास एक व्यक्ति देशी घी बेचने के लिए आया था। उसने अपनी पहचान यूपी के जिला बागपत के गांव ढिकौली निवासी सतीश चौधरी के रूप में दी थी। वह उसे चार किलो देशी घी बेचकर गया था। उसके बाद वह अक्सर उसके पास आता था और घी देकर चला जाता था। नरेश ने बताया कि कुछ दिन पहले सतीश चौधरी उसकी दुकान पर आया तो उसने कहा था कि उसके पास सोने का बुरादा है। जिसे जलाने से सोने का टुकड़ा बन जाता है। उसने उसे बुरादा जलाकर भी दिखाया था। वह सोना बने टुकड़े को अपने साथ ले गया था। कुछ दिन बाद उसने कहा कि उसकी बेटी की शादी है। वह सोने का बुरादा बेचना चाहता है। वह उसे 28 हजार रुपये तोला दे देगा। जिसे आगे बेचकर वह भी मुनाफा कमा सकता है। उसने उस दिन भी बुरादा जलाकर दिखाया था और सोना बने टुकड़े को साथ ले गया था। नरेश ने बताया कि बाद मेंं वह फिर से आया तो वह उसके झांसे में आ गया।

आरोपी 3 अगस्त को अपने साथी के साथ दुकान पर आया था। वह साथ में दूध लेकर आया था। आरोपी ने उसे दूध पीने को दिया। जिसके पीने के बाद उस पर बेसुधी छा गई। उसने आरोपियों से 9 लाख रुपये देकर तीन किलो 200 ग्राम सोने का बुरादा खरीद लिया। उनके जाने के बाद जब बुरादा को जलाया तो कुछ नहीं हुआ। उसने ज्वेलर्स को दिखाया तो पता लगा कि यह मिट्टी है। तब उसे ठगी का पता लगा। उसने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नरेश कुमार ने बताया कि आरोपी सतीश से सोने का बुरादा खरीदने के लिए उसने अपने भाईयों व बहनों से पैसे लिए थे। उसने अपने बड़े भाई से तीन, दो अन्य भाईयों से एक-एक लाख व बहन से दो लाख रुपये लिए थे। दो लाख उसके पास थे। आरोपी उसके पैसे धोखाधड़ी कर ले गया।

पीडि़त का कहना है कि आरोपी ने उसे कहा था कि उसका चाचा सोने के बुरादे को मुंबई में बेचना चाहता है। उसने अपने चाचा को कहकर रोक रखा है कि उसका परिचित दुकानदार बुरादा खरीद रहा है। उसने कहा कि यह अच्छा मौका है। अगर उसके चाचा ने मुंबई में ले जाकर बेच दिया तो वह मुनाफा नहीं कमा पाएगा। जिसके चलते उसे आरोपी पर भरोसा हो गया और वह उससे ठगी कर निकल गया। दुकानदार ने सोने का बुरादा बेचने के नाम पर धोखाधड़ी से उससे नकदी ठगने का आरोप लगाया है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिस व्यक्ति पर आरोप लगा है उसके बारे में पता लगाया जा रहा है। जल्द मामले का पटाक्षेप किया जाएगा।

Isha