शादी का झांसा देकर नेत्रहीन युवती के साथ किया दुष्कर्म, मामला दर्ज

1/26/2022 11:26:36 AM

सोनीपत (ब्यूरो) : सैक्टर-27 थाना क्षेत्र में नेत्रहीन युवती को शादी का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। युवती का आरोप है कि आरोपी उसे धमकी भी देता है। वह अब दूसरी जगह रह रहे हैं। एस.पी. को शिकायत देने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

युवती ने एस.पी. को दी शिकायत में बताया कि वह बिहार के रहने वाले हैं। उसके पिता एक चाय की दुकान पर काम करते हैं। उसकी मां घरों में साफ-सफाई करती है और दोनों छोटे भाई मेहनत-मजदूरी करते हैं। वह सैक्टर-27 थाना में किराए पर रहते थे। करीब डेढ़ दशक पहले उसकी आंखों की रोशनी चली गई थी। परिजनों के जाने के बाद वह बहन के साथ रहती थी। दो साल पहले उसकी छोटी बहन की शादी हो गई थी, तब से वह दिन में घर पर अकेली रहती थी। इस दौरान मकान मालिक का बेटा राकेश उसके पास आया और शादी करने का झांसा दिया। उसने आरोपी को कहा था कि वह नेत्रहीन है उसके बाद भी वह शादी करने की बात कहने लगा। आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर कई माह पहले दुष्कर्म किया था। उसके बाद आरोपी अक्सर उसके साथ दुष्कर्म करने लगा। 

आरोपी पहले से शादीशुदा था। उसकी पत्नी अपने मायके गई थी। वह उससे तलाक लेकर शादी का झांसा देता था। अक्तूबर, 2021 में उसकी पत्नी वापस आई तो आरोपी का व्यवहार बदल गया। उसने आरोपी से शादी करने को कहा तो वह पूरे परिवार को मारने की धमकी देने लगा। उसने परिजनों को अवगत कराया जिसके बाद परिवार के साथ दूसरी जगह रहने लगे। अब उसने मामले की शिकायत एस.पी. कार्यालय में दी थी। जिस पर सैक्टर-27 थाना में दुष्कर्म का मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच कर मामले में कार्रवाई की जाएगी।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana