संयुक्त किसान मोर्चा के नेता की चढूनी को दो टूक चेतावनी, अगर चुनाव लड़ा, तो मोर्चा से...

12/19/2021 4:51:36 PM

रोहतक(दीपक):  गुरनाम सिंह चढूनी ने अपनी राजनीतिक पार्टी का ऐलान कर दिया है, जो पंजाब में चुनाव लड़ेगी, लेकिन किसान संयुक्त मोर्चा को यह बात बिल्कुल गले नहीं उतर रही है। रोहतक पहुंचे संयुक्त किसान मोर्चा के नेता व 5 सदस्य कमेटी के मेंबर युद्धवीर सिंह ने तो गुरनाम सिंह चढूनी को साफ तौर पर जवाब दे दिया कि किसानों का यह आंदोलन सामाजिक आंदोलन था। इसका चुनाव से कोई सरोकार नहीं है और जो भी संयुक्त किसान मोर्चा के लोग राजनीतिक लाभ लेना चाहते हैं या चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं उन्हें संयुक्त किसान मोर्चा से अलग होना होगा। राकेश टिकैत को भी चुनाव लड़ने के ऑफर आए हैं लेकिन उन्होंने साफ मना कर दिया है। यही नहीं दरबार साहिब में हुई बेअदबी को युद्धवीर सिंह ने एक साजिश करार दिया है।

उनका कहना है कि सिंघु बॉर्डर पर भी आंदोलन को तोड़ने के लिए ओछे हथकंडे अपनाए गए थे। लेकिन किसान अपने लक्ष्य से नहीं हटा और दरबार साहिब में जो बे अदबी हुई है कहीं ना कहीं उसमें समाज को तोड़ने की एक बड़ी साजिश दिखाई दे रही है। जहां तक कांग्रेस पार्टी का इस आंदोलन में सक्रिय होना है, तो वह इससे सरोकार नहीं रखते हैं। उनका कहना है कि देश में भाजपा और कांग्रेस दो बड़ी पार्टी है और एक नागनाथ है तो दूसरी सांपनाथ इनका काम आम जनता को डसना है। यह किसानों का आंदोलन था और किसानों के संघर्ष की वजह से ही इस आंदोलन में जीत हुई है। जब कांग्रेस की सत्ता आती है तो वह भी किसानों का शोषण करती है और जब किसी अन्य दल की सत्ता आती है तो वह भी किसानों का ही शोषण करते है। उन्होंने कहा के अभी तो तीन कृषि कानून वापस होने के बाद एक छोटी जीत हुई है, लेकिन अभी और भी लंबी लड़ाई लड़नी है। एमएसपी का मुद्दा देश के किसानों के लिए सबसे बड़ा मुद्दा है और जिसको लागू करवा कर ही संयुक्त किसान मोर्चा दम लेगा और अभी आंदोलन स्थगित हुआ है खत्म नहीं।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

 

Content Writer

Isha