पूर्व सरपंच की जान का दुश्मन बना एक फैसला, बदमाशों ने की घर पर अंधाधुंध फायरिंग

4/16/2021 4:42:41 PM

रोहतक (दीपक): गांव के शरारती तत्वों को पंचायत कर गांव के बाहर भगाने का फैसला पूर्व सरपंच की जान का दुश्मन बन गया। आरोपियों ने लाखनमाजरा के पूर्व सरपंच कुल्फी पहलवान के घर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दरवाजे और दीवार छलनी कर दी। गनीमत ये रही कि पूर्व सरपंच परिवार संग अंदर सोया हुआ था जिसके कारण उसकी जान बच गई। घटना अल सुबह की है जब आरोपियों ने ने करीब 20 राउंड फायरिंग की।

पूर्व सरपंच के अनुसार करीब दो महीने पहले गांव में पंचायत हुई थी, जिसमें गांव के कुछ शरारती तत्व जो गांव में दहशत फैलाए हुए हैं, उनको बाहर करने का फैसला हुआ था। आरोपी उसी दिन से पूर्व सरपंच से रंजिश रखने लगे, जिसके बाद उसकी हत्या के इरादे से फायरिंग की गई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

आरोपियों ने एक के बाद एक करीब 20 राउंड गोली चलाई, जिसके खोल पुलिस ने बरामद किए हैं। आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद 32 बोर की एक मैगजीन भी छोड़कर भाग गए। पुलिस के अनुसार कुछ नामजद लोगों के खिलाफ शिकायत आई है, जिसकी जांच की जा रही है और आरोपियों को पकडऩे के लिए टीम गठित कर दी गई है।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Shivam