मैट्रिमोनियल साइट से शुरू हुई दोस्ती बनी मौत की वजह, 26 दिन पहले लिव-इन में आई महिला पर हत्या का आरोप

punjabkesari.in Sunday, May 17, 2026 - 09:00 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र में शॉपकीपर राम अवतार की संदिग्ध मौत के मामले में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि 46 वर्षीय राम अवतार की आरोपी महिला शालू से मुलाकात करीब 10 महीने पहले एक मैट्रिमोनियल साइट के जरिए हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, फिर दोस्ती बढ़ी और बाद में दोनों लिव-इन रिलेशन में रहने लगे। अब राम अवतार की मौत के बाद महिला पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगा है।

जानकारी के अनुसार, राम अवतार की पत्नी रेखा की करीब एक वर्ष पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। पत्नी की मौत के बाद वह अकेलेपन से परेशान रहने लगा था। इसी कारण उसने दूसरी शादी के लिए अपनी प्रोफाइल एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर बनाई थी। दूसरी ओर दिल्ली के नरेला निवासी शालू के पति की भी करीब डेढ़ वर्ष पहले मौत हो चुकी थी और वह भी नए साथी की तलाश में थी।

दोनों की वेबसाइट पर बातचीत शुरू हुई और बाद में मोबाइल नंबर साझा किए गए। करीब 8 से 10 महीने तक दोनों एक-दूसरे के संपर्क में रहे और डेटिंग करते रहे। परिवार को भी इस रिश्ते की जानकारी दे दी गई थी। इसके बाद 20 अप्रैल को शालू अपने दोनों बच्चों के साथ दिल्ली से कुरुक्षेत्र पहुंची और राम अवतार के साथ लिव-इन रिलेशन में रहने लगी।

शालू अपने साथ पहली शादी से बेटी रिया (18) और बेटे चिराग (14) को भी लाई थी। वहीं राम अवतार के भी तीन बेटियां और एक बेटा हैं। परिवार को उम्मीद थी कि घर फिर से सामान्य हो जाएगा, लेकिन राम अवतार की बेटी शुभम ने शालू पर लगातार महंगे सामान की मांग करने के आरोप लगाए हैं।

परिजनों के मुताबिक, शालू के कहने पर राम अवतार ने नया फ्रिज, अलमारी और बेड खरीदा। इसके अलावा उसके बेटे का कुरुक्षेत्र के एक अच्छे स्कूल में दाखिला भी करवाया गया। परिवार का आरोप है कि महज 26 दिनों में शालू ने राम अवतार से 5 से 7 लाख रुपए तक खर्च करवा दिए।

शुभम ने बताया कि शालू आए दिन ऐशो-आराम की चीजों को लेकर झगड़ा करती थी। शुक्रवार रात करीब 11 बजे वह अपने भाई-बहनों के साथ नीचे कमरे में थी, जबकि राम अवतार ऊपर कमरे में शालू और उसके बच्चों के साथ थे। इसी दौरान राम अवतार की चीखने की आवाज सुनाई दी। जब वह ऊपर पहुंची तो शालू ने उसे नीचे भेज दिया। कुछ देर बाद दोबारा ऊपर जाने पर उसके पिता फोल्डिंग पर पड़े मिले।

परिजनों के अनुसार, राम अवतार के सिर पर चोट थी और उनके मुंह से सफेद झाग निकल रहा था। तुरंत उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से एलएनजेपी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

फोरेंसिक विशेषज्ञ डॉ. नरेश कुमार के मुताबिक, राम अवतार के सिर में गंभीर चोट लगी थी, जिससे अंदरूनी ब्लीडिंग हुई। इसके अलावा आंख, होंठ और नाक के पास भी चोट के निशान मिले हैं। शुरुआती जांच में जहरीला पदार्थ खाने की आशंका भी जताई गई है। थाना सिटी प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक की बेटी के बयान पर आरोपी शालू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)           


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static