''बच्चा चोर'' गैंग का भंडाफोड़, 50 से ज्यादा नवजात बेचे... फेसबुक-इंस्टाग्राम से होती थी सौदेबाजी
punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 02:41 PM (IST)
बहादुरगढ़(प्रवीण कुमार धनखड़): हरियाणा के बहादुरगढ़ में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है, जहां नवजात बच्चों की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। एसीपी क्राइम प्रदीप नैन के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अब तक एक महिला समेत 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह अब तक 50 से ज्यादा नवजात बच्चों की तस्करी कर चुका है। गिरोह का सरगना लाडी जो पंजाब का रहने वाला है, फिलहाल फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के बयान के आधार पर 2 नवजात बच्चों को भी बरामद किया है। वहीं अपने ही बच्चों को बेचने वाले 2 लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। एसीपी प्रदीप नैन का कहना है कि ये तस्कर बच्चों को 2 से सवा 2 लाख रुपये में खरीदते थे और फिर 9 से 10 लाख रुपये में निसंतान दंपतियों को बेच देते थे। यह गिरोह फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए ग्राहकों तक पहुंच बनाता था।
गिरोह का नेटवर्क दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में फैला हुआ था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो गाड़ियां और अहम दस्तावेज भी बरामद किए हैं। वहीं बरामद किए गए दोनों नवजात बच्चों को चाइल्ड वेलफेयर डिपार्टमेंट को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस फरार सरगना की तलाश में जुटी है और इस पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने की कोशिश जारी है।