नहरी खाल के विवाद में व्यक्ति की तेजधार हथियार से हत्या

7/12/2018 2:39:39 PM

फतेहाबाद(रमेश भट्ट): फतेहाबाद के गांव बड़ोपल में नहरी खाल के विवाद में एक व्यक्ति की तेजधार हथियार से हत्या करके उसे छत से नीचे फेंकने का मामला सामने आया है। सदर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मृतक के भाई के बयान पर 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।  32 वर्षीय व्यक्ति की हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के मुताबिक वारदात को घर की छत पर अंजाम दिया गया और हत्या के बाद शव को घर के पीछे छत से नीचे फेंक दिया गया।   

इस मामले में मृतक रोहताश के बड़े भाई मेवा सिंह के बयान दर्ज किये गए हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि गांव के ही कुछ लोगों के साथ उनका नहरी पानी के खाल और रास्ते को लेकर विवाद हुआ था। उसी रंजिश में आज सुबह करीब 5 बजे उसके भाई की तेजधार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई। 

जानकारी के अनुसार रोहताश छत पर सोया हुआ था। सुबह उसकी मां उसे चाय देने गई तो वह छत पर नहीं दिखा। उन्होंने छत से नीचे देखा तो वह खून से लथपथ पड़ा दिखा। फिलहाल, शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।   

Rakhi Yadav