पलवल में एक रेस्टोरेंट और बड़े ग्रॉसरी स्टोर में भीषण आग, करोड़ों का माल और 5.50 लाख कैश जलकर राख

punjabkesari.in Tuesday, Apr 28, 2026 - 10:53 AM (IST)

पलवल (गुरुदत्त गर्ग) : पलवल के सोहना रोड स्थित हुडा सेक्टर-2 के सामने एक रेस्टोरेंट और बड़े ग्रॉसरी स्टोर में देर रात करीब 3 बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि इसे काबू करने में फायर ब्रिगेड को लगभग 5 घंटे का समय लग गया। मौके पर 11 दमकल गाड़ियां तैनात की गईं, जबकि सुबह तक भी फायर फाइटर्स सुलगती आग पर काबू पाने में जुटे रहे।

एलपीजी के तीन सिलेंडर भी धमाके के साथ फटे

आग के चलते करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, रेस्टोरेंट में इस्तेमाल हो रहे एलपीजी के तीन सिलेंडर भी धमाके के साथ फट गए, जिससे आग और तेजी से फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग की शुरुआत दुकान के सामने लगे बिजली के ट्रांसफार्मर से हुई। शॉप मालिक जतिन और नितिन ने बताया कि ट्रांसफार्मर में आग लगने के बाद लपटें तेजी से पूरे प्रतिष्ठान में फैल गईं। आग में दुकान में रखा करीब साढ़े पांच लाख रुपये नकद भी जलकर राख हो गया।

PunjabKesari

एक वैगन-आर कार और दो इलेक्ट्रिक स्कूटी भी जलकर खाक

हादसे में दुकान के बाहर खड़ी एक वैगन-आर कार और दो इलेक्ट्रिक स्कूटी भी जलकर खाक हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। दुकान मालिकों ने बताया कि उन्होंने करीब सवा साल पहले ही बड़े स्तर पर “महाशय रेस्टोरेंट एंड नमकीन भंडार” के साथ होलसेल-रिटेल ग्रॉसरी, फल-सब्जी का 24 घंटे चलने वाला काम शुरू किया था, जो अब पूरी तरह बर्बाद हो चुका है। उनका कहना है कि यह कारोबार कर्ज लेकर खड़ा किया गया था।

PunjabKesari

 वहीं, बिल्डिंग मालिक जयसिंह ठाकुर ने बताया कि आग से न केवल दुकान का सारा सामान जल गया, बल्कि इमारत को भी भारी नुकसान पहुंचा है। पिलर्स और बेस तक क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। फायर फाइटर नवीन पाल ने बताया कि आग बेहद तीव्र थी, लेकिन टीम ने कड़ी मेहनत कर इसे फैलने से रोका। उन्होंने कहा कि तीन गैस सिलेंडर फटने से हालात और गंभीर हो गए थे। नुकसान कम करने की पूरी कोशिश की गई, लेकिन आग पर काबू पाना चुनौतीपूर्ण रहा। फिलहाल, प्रशासन आग के सटीक कारणों की जांच में जुटा है।

 करोड़ों का माल और 5.50 लाख कैश जलकर राख
  
ग्रॉसरी स्टोर मालिक जतिन ने बताया दो करोड़  से अधिक का माल था, ऐसी कोई चीज नहीं थी जो उनके स्टोर में नही थी। 24 घण्टे सेवा देने वाला उनका  प्रतिष्ठान था। दिन और रात काम करने वाले दर्जनों लोग यहां लगे हुए थे। पांच लाख कैश रखा हुआ था और लगभग पचास हजार रुपये दिन भर का कैश भी था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static