पुलिस अधिकारियों के व्हाट्सएप ग्रुप में एक मेंबर ने डाली अश्लील फोटो, मिली फटकार

5/7/2020 12:06:46 AM

पंचकूला (उमंग): जिला पंचकूला के पुलिस अधिकारियों के व्हाट्सएप ग्रुप में अश्लील फोटो डालने का मामला सामने आया है। "LOCKDOWN RWA DISTRICT PKL" नाम के व्हाट्सएप ग्रुप पर सुरेश सिंगला नाम के व्यक्ति ने अश्लील फोटो डाल दी। ग्रुप की महिला सदस्य द्वारा ग्रुप के एडमिन सिक्योरिटी ब्रांच इंचार्ज को शिकायत करने पर अधिकारियों ने मामले को संज्ञान में लिया।

बता दें कि इस व्हाट्सएप ग्रुप में पंचकूला पुलिस कमिश्नर सौरभ सिंह, पुलिस उपायुक्त मोहित होंडा, एसीपी नूपुर बिश्नोई सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद हैं। ग्रुप में पंचकूला के विभिन्न सेक्टरों की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान व अन्य पदाधिकारी भी शामिल हैं।

इस व्हाट्सएप ग्रुप को कोरोना वायरस संक्रमण के दौरान पंचकूला जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा किए जा रहे विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी देने व साथ ही रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के सहयोग से इस महामारी से लडऩे के उद्देश्य से बनाया गया है। जिसमें समय-समय पर विभिन्न रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारी अपने-अपने सेक्टरों की सूचना व समस्या शेयर करते रहते हैं। साथ ही इस व्हाट्सएप ग्रुप से पंचकूला के कुछ पत्रकार भी जुड़े हुए हैं।

हालांकि अश्लील फोटो पोस्ट करने वाले व्यक्ति ने पुलिस अधिकारी की फटकार के बाद पोस्ट को हटा दिया।

Shivam