Hansi में रिश्तों का कत्ल, पोते ने 80 वर्षीय दादा को उतारा मौत के घाट, पूरे गांव में सनसनी
punjabkesari.in Friday, May 22, 2026 - 08:05 AM (IST)
हांसी (संदीप सैनी) : हांसी के नजदीकी गांव कुंभा में वीरवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां एक युवक ने अपने ही 80 वर्षीय दादा की कथित रूप से हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी पोते को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान करीब 80 वर्षीय बरखा राम के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार आरोपी पोता अंकित अविवाहित है और पारिवारिक विवादों के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया। आसपास के लोगों के मुताबिक आरोपी अक्सर शराब के नशे में अपने दादा के साथ मारपीट करता था और उन्हें ठीक से खाना तक नहीं देता था। बुजुर्ग अधिकतर समय अपनी बेटियों के पास ही रहते थे और करीब 15 दिन पहले ही बेटी के घर से वापस गांव लौटे थे।

बताया जा रहा है कि वीरवार रात करीब 10 बजे किसी बात को लेकर दादा-पोते के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि अंकित ने बरखा राम पर हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग के सिर पर गंभीर चोट लगी। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमला किस वस्तु से किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सदानंद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं शेखपुरा चौकी पुलिस और फोरेंसिक एक्सपर्ट टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। गंभीर रूप से घायल बरखा राम को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए हांसी के सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है।
पुलिस ने आरोपी अंकित को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह और नशे की आदत को घटना का कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक बरखा ने पुलिस में भी आरोपी के खिलाफ शिकायत दी थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)