दवा कंपनी के सेल्समैन ने फंदा लगाकर किया सुसाइड, किराये के कमरे में मिला शव
punjabkesari.in Saturday, May 30, 2026 - 08:33 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा क्षेत्र में एक दवा कंपनी के सेल्समैन ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह उसका शव किराये के कमरे में पंखे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
बता दें कि मृतक की पहचान 25 वर्षीय विकास निवासी गांव आबूपुरा, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह लाडवा के विकास नगर में किराये के कमरे में अकेला रहता था और एक निजी दवा कंपनी में सेल्समैन के तौर पर कार्यरत था।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात विकास मकान की छत पर सोया हुआ था। शनिवार सुबह वह ड्यूटी पर नहीं पहुंचा। कंपनी के कर्मचारियों ने कई बार उसके मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद कर्मचारियों ने मकान मालिक संत लाल को इसकी जानकारी दी।
मकान मालिक जब छत पर पहुंचा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। संदेह होने पर वह पड़ोसी की छत के रास्ते कमरे तक पहुंचा। वहां विकास का बिस्तर बाहर पड़ा था। कमरे का दरवाजा खोलकर देखा गया तो विकास का शव रस्सी के सहारे पंखे से लटका हुआ मिला।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस और कंपनी प्रबंधन को दी गई। सूचना मिलते ही लाडवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी में भिजवा दिया।
थाना लाडवा के प्रभारी गुरनाम सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिवार बरेली से लाडवा के लिए रवाना हो चुका है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। परिजनों के पहुंचने के बाद आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)