गन्नौर में फोन चार्जिंग विवाद खूनी संघर्ष में बदला, युवक की बेरहमी से हत्या, इलाके में हड़कंप
punjabkesari.in Tuesday, Apr 07, 2026 - 04:16 PM (IST)
गन्नौर (कपिल शर्मा) : गन्नौर के पांची जाटान गांव से एक ऐसा मामला निकल कर सामने आया है, जहा पड़ोसी ने फ़ोन चार्जिंग की नाराजगी को लेकर पड़ोसी की हत्या कर दी। जाटान गांव में पड़ोसी ने पड़ोसी के फोन चार्जिग को लेकर अपने साथियों के साथ मिलकर पीट पीटकर हत्या कर दी। पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव पाची जाटान में मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घायल युवक ने उपचार के दौरान सोमवार को दम तोड़ दिया। पिता ने थाना गन्नौर में शिकायत दी, जिस पर पुलिस ने 3 आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव पांची जाटान निवासी जयपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका 32 वर्षीय बेटा कमलजीत 24 मार्च की शाम को गांव के ही रामदास के घर अपना मोबाइल फोन लेने गया था, जिसे उसने वहां चार्जिंग पर लगाया हुआ था। आरोप है कि उन्होंने कमलजीत को फोन देने से मना कर दिया, जिस पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई और विवाद बढ़ गया। जयपाल के अनुसार, इसी दौरान रामदास उसके भाई भगवान दास और सोनू ने मिलकर कमलजीत पर कस्सी के बिट्टों और लाठियों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जब काफी देर तक कमलजीत घर नहीं लौटा तो वह उसे तलाशते हुए मौके पर पहुंचा, जहां तीनों आरोपित उसके बेटे को पीट रहे थे। उसे देखते ही आरोपित मौके से फरार हो गए। इसके बाद जयपाल ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गन्नौर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बीपीएस खानपुर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान सोमवार को कमलजीत ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने जयपाल के बयान पर आरोपित रामदास, भगवान दास और सोनू के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गन्नौर एसीपी ऋषिकांत का कहना है कि पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)