90 यात्रियों से भरी निजी डबल डेकर बस पलटी, 35 लोग घायल, 4 की हालत गंभीर

7/7/2020 12:08:03 AM

कुरुक्षेत्र(रणदीप रोड़): कुरुक्षेत्र के लाडवा उपमंडल के बड़शामी गांव में 90 यात्रियों से भरी एक निजी डबल डेकर बस पलट गई। इस हादसे में 35 लोग चोटिल हो गए, कुछ लोगों को लाडवा सामुदायिक केंद्र से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी मिल गई, लेकिन 24 जख्मियों को कुरुक्षेत्र के सरकारी अस्पताल में रैफर किया गया है, जिनमें से चार लोग सिर में गहरी चोट लगने के कारण गंभीर हालत में हैं। यात्रियों का कहना ड्राइवर नशे में धुत था और बस को बहुत तेज चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ है।

महिला यात्री ने बताया कि कोविड-19 की गाइड लाइन के अनुसार एक सीट पर एक ही यात्री को बिठाया जाता है। लेकिन एक सीट पर चार चार लोगों को बिठाया गया। बस में करीब 90 से ज्यादा यात्री सवार थे। लाडवा के सरकारी अस्पताल में घायल महिला सुशीला देवी ने बताया कि वह अपने पति के साथ पटियाला से अम्बाला, अम्बाला से यमुनानगर और यमुनानगर से इस बस में बैठकर गोरखपुर की ओर जा रही थी। उन्होंने बताया कि उनके पास एक बैग भी था, जिसमें 40 हजार रूपए भी थे, जो हादसे के बाद नहीं मिले। इतना ही नहीं पूरा का पूरा बैग भी घायब है। उनके पति की बस में नीचे दबने से टांग भी टूट गई है। उन्हें स्वंय भी चोटे आई है। 

Shivam