हिसार में लाखों की चांदी लूट का खुलासा, बस ड्राइवर ही निकला मास्टरमाइंड, स्पेशल स्टाफ ने दबोचा
punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2026 - 04:13 PM (IST)
हिसार (विनोद सैनी) : पुलिस अधीक्षक हिसार के निर्देशानुसार जिले में चलाए अभियान के तहत स्पेशल स्टाफ व अग्रोहा थाना हिसार को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। स्पेशल स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर पवन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बस यात्री के चांदी से भरे बैग (39.844 किलोग्राम) की चोरी के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी हिसार के एसपी मयंक मुदगिल ने पत्रकार वार्ता कर दी।
मामले में बताते हुए एसपी मयंक मुदगिल ने कहा कि रविन्द्र पुत्र कुलदीप सोनी निवासी अग्रोहा ने थाना अग्रोहा में शिकायत दी कि उसकी फतेहाबाद में "देव पायल" नाम से चांदी के सामान की दुकान है। 18 मार्च की रात मथुरा निवासी राजेश शर्मा, मथुरा स्थित Mishka Enterprises व Shree Nath Jewellers से 39.844 किलोग्राम चांदी का सामान लेकर विजय ट्रैवल्स की बस द्वारा फतेहाबाद आ रहा था।
19 मार्च को राजेश शर्मा ने अग्रोहा के पास पहुंचकर फोन के माध्यम से सूचना दी कि बस में रखा चांदी का बैग रास्ते में चोरी हो गया है। इसके बाद तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचित किया गया। शिकायतकर्ता द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच करने पर पाया गया कि चांदी का बैग चोरी हो चुका है, जिसकी कीमत लगभग 65 लाख रुपये है।
एक यात्री ने बस ड्राइवर पर जताया था संदेह
उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना अग्रोहा पुलिस द्वारा तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम को यात्री राजेश शर्मा ने बताया कि बस ड्राइवर पर मुझे संदेह है। उक्त आधार पर पुलिस टीम द्वारा आरोपी ड्राइवर के मोबाइल नंबर के माध्यम से उसे ट्रैक किया गया तथा मौका मिलते ही आरोपी ड्राइवर को बस स्टैंड हिसार पर हांसी जाने वाले साधन का इंतजार करते हुए काबू किया गया। आरोपी की पहचान सतपाल पुत्र हरदत निवासी अरनियावाली, जिला सिरसा के रूप में हुई है।
बस ड्राइवर ने वारदात की बनाई थी योजना
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बस में नियमित रूप से यात्रा करने वाला यात्री राजेश शर्मा अपने साथ हमेशा चांदी लेकर आता था। आरोपी ने इस पर नजर रखते हुए वारदात की योजना बनाई थी। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 39.844 किलोग्राम चांदी बरामद कर ली गई है। आरोपी को कल अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)