सावधान! मोबाइल में आई एक फाइल और बैंक खाता साफ, शाहाबाद में प्राइवेट कर्मचारी से 1.25 लाख की ठगी
punjabkesari.in Wednesday, Apr 08, 2026 - 02:14 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): जिले के शाहाबाद में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। यहां एक प्राइवेट कर्मचारी के मोबाइल में संदिग्ध APK फाइल आने के बाद ठगों ने उसके बैंक खातों से करीब 1.25 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। पैसे कटने के मैसेज आने पर पीड़ित को ठगी का पता चला, जिसके बाद उसने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाई।
जानकारी के अनुसार शाहाबाद के सेक्टर-1 निवासी सुमन कुमार एक निजी कंपनी में कार्यरत है। उसके पंजाब नेशनल बैंक (PNB) और कैपिटल स्मॉल फाइनेंस बैंक में खाते हैं। सुमन कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले सुबह करीब 7:30 बजे उसके मोबाइल पर एक APK फाइल आई, जो अपने आप डाउनलोड हो गई। इसके बाद उसका मोबाइल हैक हो गया।
दोपहर के समय बैंक से पैसे कटने के मैसेज आने पर उसे घटना का पता चला। जांच करने पर सामने आया कि उसके खातों से गूगल पे के माध्यम से तीन ट्रांजैक्शन कर पैसे निकाल लिए गए। पीड़ित के अनुसार PNB खाते से दो बार में 90 हजार और 9 हजार रुपये, जबकि दूसरे बैंक खाते से करीब 26 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए गए।
पीड़ित ने बताया कि उसने यह बात अपने बेटे को बताई। बेटे ने मोबाइल में आई संदिग्ध APK फाइल को तुरंत डिलीट कर दिया और सुरक्षा के चलते पूरा फोन रीसेट करना पड़ा। हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल पाया कि मोबाइल में यह फाइल कहां से आई और कैसे डाउनलोड हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद पुलिस ने थाना साइबर, कुरुक्षेत्र में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि साइबर ठगी से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी।