ब्लिंकिट से ऑर्डर किए गए सीलिंग फैन की जगह निकला पत्थर, शिकायत लेकर स्टोर पहुंचे तो मिला टका सा जवाब
punjabkesari.in Saturday, Nov 21, 2026 - 10:38 AM (IST)
फरीदाबाद(अनिल राठी): फरीदाबाद में ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर धोखाधड़ी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। गांव पलवली के रहने वाले एक व्यक्ति ने ब्लिंकिट से सीलिंग फैन ऑर्डर किया था, लेकिन जब डिलीवरी के बाद पैकेट खोला तो उसमें पंखे की जगह पत्थर निकला। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत लेकर ब्लिंकिट स्टोर पहुंचने पर कर्मचारियों ने डिलीवरी राइडर की गलती बताकर उसे टाल दिया। कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो उसे पंखा मिला और न ही 1262 रुपये वापस किए गए। आखिरकार पीड़ित ने खेड़ी पुल थाना पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
फरीदाबाद के गांव पलवली निवासी मनोज शर्मा ने बताया कि उन्होंने 11 नवंबर को ब्लिंकिट के माध्यम से 1262 रुपये का सीलिंग फैन ऑर्डर किया था। ऑर्डर की डिलीवरी के दौरान वह घर के अंदर थे, जिसके चलते डिलीवरी राइडर ने पैकेट घर में मौजूद बच्चे को सौंप दिया।कुछ देर बाद जब मनोज शर्मा ने पैकेट खोलकर देखा तो उनके होश उड़ गए। पैकेट में सीलिंग फैन की जगह एक पत्थर रखा हुआ था। इसके बाद उन्होंने ब्लिंकिट स्टोर पहुंचकर कर्मचारियों को पूरे मामले की जानकारी दी और शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित का आरोप है कि स्टोर कर्मचारियों ने अपनी जिम्मेदारी लेने की बजाय डिलीवरी राइडर की गलती बताकर उन्हें टालना शुरू कर दिया। कई बार संपर्क करने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। न तो उन्हें नया सीलिंग फैन दिया गया और न ही भुगतान की गई रकम वापस की गई।
कंपनी की तरफ से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद मनोज शर्मा ने खेड़ी पुल थाना पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।