सरपंचों की महापंचायत में मासूम शर्मा को 3 दिन का अल्टीमेटम, माफी न मांगने पर अब किया जाएगा ये काम
punjabkesari.in Thursday, Feb 26, 2026 - 06:19 PM (IST)
जींद(अमनदीप पिलानिया): हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा इन दिनों विवादों से घिरे हुए हैं। जींद जिले के हैबतपुर गांव में हरियाणा सरपंच एसोसिएशन के तहत सरपंचों की महापंचायत आयोजित की गई, जहां मासूम शर्मा के खिलाफ बड़ा फैसला लिया गया।महापंचायत में सरपंचों ने सर्वसम्मति से फैसला किया कि मासूम शर्मा ने हाल ही में जींद के एक कार्यक्रम के दौरान पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा सहित जनप्रतिनिधियों (सरपंच, विधायक, मंत्री) का अपमान किया है।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे हरियाणा में सरपंचों में रोष फैल गया था।सरपंचों ने मासूम शर्मा को 3 दिन का अल्टीमेटम दिया है। यदि अगले 3 दिनों के अंदर मासूम शर्मा सार्वजनिक रूप से जींद के सरपंचों और पंचायतों का अपमान करने के लिए माफी नहीं मांगते, तो सभी सरपंच अपने-अपने गांवों में मासूम शर्मा के किसी भी कार्यक्रम को अनुमति नहीं देंगे। उनका बहिष्कार किया जाएगा और राज्य स्तर पर उनके शो रोकने की कार्रवाई की जाएगी।
महापंचायत में मौजूद हरियाणा सरपंच एसोसिएशन के प्रधान रणबीर समैन ने बाइट देते हुए कहा: "मासूम शर्मा अपने आप को लखमी चंद के बराबर मानता है। मासूम शर्मा के भाई ने गांव में जाकर माफी मांगी है, लेकिन इस मामले में मासूम शर्मा के भाई का कोई दोष नहीं है। अपमान मासूम शर्मा ने किया है, इसलिए उन्हें खुद सार्वजनिक जनप्रतिनिधि के सामने माफी मांगनी होगी।
"यह विवाद जींद के एक निजी कार्यक्रम में शुरू हुआ, जहां मासूम शर्मा ने स्टेज पर पूर्व सरपंच को नीचे उतरने को कहा और "70 सरपंच हांडै" जैसी टिप्पणी की, जिसे सरपंचों ने अपमानजनक माना। मासूम शर्मा ने बाद में सफाई दी कि यह हरियाणवी कहावत है और यदि किसी को ठेस पहुंची तो शब्द वापस लेते हैं, लेकिन सरपंच एसोसिएशन इससे संतुष्ट नहीं हुआ।अब देखना यह है कि मासूम शर्मा इस अल्टीमेटम पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं, अन्यथा हरियाणा के गांवों में उनके कार्यक्रमों पर सख्ती बढ़ सकती है।