गुडगांव में महिला पिटती रही, पुलिस वीडियो बनाती रही

4/30/2022 1:08:15 PM

गुडगांव, (पवन कुमार सेठी): सेवा, सुरक्षा, सहयोग का दावा करने वाली गुडगांव पुलिस का अमानवीयता वाला चेहरा सामने आया है। भोंडसी के वाटिका कुंज एरिया में पति व सास-ससुर समेत अन्य लोगों द्वारा पीटी जा रही महिला को बचाने की बजाय पुलिसकर्मी वीडियो बनाते रहे। पीडिता ने किसी तरह से अपना बचाव कर अपने भाई को फोन किया, जिसने कंट्रोल रूम को सूचना देकर पीसीआर को मौके पर बुलवाया। मामला तूल पकडता देख भोंडसी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। 

 

पुलिस के मुताबिक, वाटिका कुंज निवासी दीपा कुमारी ने बताया कि उसका अपने पति सत्यम सिंह, सास श्यामा देवी, ससुर चंद्रमणी सिंह से विवाद चल रहा है। साल 2021 में दीपा ने इसके खिलाफ भोंडसी थाने में केस दर्ज कराया था। इसके अलावा उसका डोमेस्टिक वायलेंस का एक मामला अदालत में विचाराधीन है। दीपा ने पुलिस को बताया कि 28 अप्रैल की शाम को वह अपने घर पर थी। इस दौरान उसका पति, सास, ससुर व करीब 4 पुलिसकर्मी उसके घर आ गए। उसके साथ बुरी तरह से मारपीट की। इस दौरान घर पर आए पुलिसकर्मियों ने उन्हें बचाने की बजाय वीडियो बनानी शुरू कर दी। 

 

दीपा ने बताया कि उसे बचाने के लिए उसके माता-पिता भी आए, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया। इस पर दीपा ने किसी तरह से खुद को बचाकर अपने भाई को इसकी सूचना दी, जिसने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंची राइडर 45 ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। दीपा ने आरोप लगाया कि उसने कई बार पुलिस को शिकायत दी, लेकिन थाने में उसकी शिकायत नहीं ली गई। बाद में मामला तूल पकडता देख उसकी शिकायत लेकर केस दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

Content Writer

Pawan Kumar Sethi