''उसने मुझे धोखा दिया...'' पिता को फोन कर रोया 22 वर्षीय हेयर स्टाइलिस्ट, 7 साल पुराना प्रेम संबंध टूटने से आहत युवक ने दी जान

punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2026 - 03:01 PM (IST)

फरीदाबाद (अनिल राठी): फरीदाबाद में प्रेम संबंधों में आई दरार के बाद 22 वर्षीय युवक ने नहर में छलांग लगाकर जान दे दी। घटना से पहले युवक ने अपने पिता को फोन कर प्रेमिका पर धोखा देने का आरोप लगाया था। फोन पर वह लगातार रो रहा था और परिवार का ध्यान रखने की बात कहकर नहर में कूद गया। देर रात पल्ला थाना क्षेत्र में उसका शव बरामद हुआ।

मृतक की पहचान दिल्ली के मीठापुर निवासी नकुल के रूप में हुई है। वह फरीदाबाद के सेक्टर-21सी स्थित एक सैलून में हेयर स्टाइलिस्ट के तौर पर काम करता था। परिजनों के मुताबिक, घर के पास रहने वाली युवती से उसकी कई साल पहले दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच धीरे-धीरे प्रेम संबंध बन गए और करीब सात साल से दोनों साथ थे। हालांकि, पिछले कुछ समय से उनके बीच विवाद चल रहा था।

परिजनों के अनुसार, गुरुवार को नकुल अपनी प्रेमिका के साथ फिल्म देखने गया था। दोनों ने दिन साथ बिताया, लेकिन शाम को अचानक उनके बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि नकुल ने युवती के मोबाइल में किसी दूसरे युवक के साथ चैट देख ली। उसने इस बारे में युवती से सवाल किया, लेकिन जवाब से संतुष्ट नहीं हुआ। इसके बाद उसे लगा कि प्रेमिका उसे धोखा दे रही है। विवाद के बाद नकुल अपनी प्रेमिका को उसके घर छोड़कर आया। इसके बाद वह खुद घर जाने के बजाय मीठापुर के पास नहर पर पहुंच गया। शाम करीब 7:30 बजे उसने अपने पिता हरिशंकर को फोन किया और अपनी परेशानी बताई।


हरिशंकर के मुताबिक, नकुल फोन पर बुरी तरह रो रहा था। उसने कहा कि जिस लड़की से वह करीब सात साल से प्यार करता है, उसने उसे धोखा दिया है। नकुल ने पिता से कहा कि वह नहर में छलांग लगाने जा रहा है। उसने मां, बहन और भाई का ध्यान रखने की बात भी कही। पिता ने उसे काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना और नहर में छलांग लगा दी।

तलाश के दौरान मिली बेटे की मौत की खबर
रात करीब 8:30 बजे तक नकुल का फोन बंद हो गया। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। परिवार के लोग गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए थाने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें नहर में एक युवक का शव मिलने की जानकारी मिली। पुलिस से शव की फोटो देखने के बाद परिजनों ने उसकी पहचान नकुल के रूप में कर ली।
पुलिस के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने नहर में युवक का शव बहते देखा था, जिसके बाद सूचना दी गई। पल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। थाना प्रभारी सत्य प्रकाश के अनुसार, रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच शव बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पिता ने युवती पर लगाए गंभीर आरोप
नकुल के पिता हरिशंकर का आरोप है कि उनका बेटा युवती के व्यवहार से मानसिक रूप से परेशान था और इसी वजह से उसने आत्मघाती कदम उठाया। उन्होंने युवती के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पल्ला थाना इंचार्ज सत्याप्रकाश ने बताया कि पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static