कर्जा लेकर विदेश भेजा था बुढ़ापे का सहारा, अब कर्जा लेकर वापस मंगवाया शव...खबर पढ़ रो पड़ेगा आपका भी दिल

punjabkesari.in Monday, Feb 24, 2025 - 03:02 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (रणदीप) : हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले से ऐसी खबर सामने आई है जिसे पढ़कर आपका भी दिल रो पड़ेगा। जहां परिवार ने पहले कर्ज लेकर बेटे को कमाने के लिए पुर्तगाल भेजा और अब दोबारा 20 से 22 लाख रुपए का कर्ज लेकर उसकी डेडबॉडी मंगानी पड़ी। कुरुक्षेत्र के पिहोवा के रहने वाले संटी मेहरा का शव आज सुबह उसके घर पहुंचा। आज ही उसका अंतिम संस्कार होगा।

संटी की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

बता दें कि संटी 8 साल से पुर्तगाल में रह रहा था। 21 जनवरी को परिवार से फोन पर बात करते हुए हार्ट अटैक से उसकी मौत हो गई। उसके 4 दिन बाद ही उसे भारत लौटना था। घर में संटी की शादी की बात चल रही थी। उसे घर आने के बाद लड़की देखने के लिए जाना था। घर में इकलौते कमाने वाले संटी की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

PunjabKesari

24 जनवरी को भारत लौटने का था प्लान 

बंटी मेहरा ने बताया कि उसका छोटा भाई संटी पुर्तगाल गया था। उसे पुर्तगाल की नागरिकता मिल चुकी थी। कुछ समय में उसे रेड पासपोर्ट मिलने वाला था। पुर्तगाल जाने के बाद संटी एक बार भी घर नहीं आया। 24 जनवरी को उसका भारत लौटने का प्लान था। 21 जनवरी को वह परिवार के लोगों के लिए शॉपिंग करने ऑस्ट्रिया गया था। भाई ने बताया कि संटी फोन पर मां सोमा देवी, भाभी हर्षदीप कौर और भतीजी रहमतप्रीत कौर से बात कर रहा था। बात करते-करते अचानक संटी के हाथ और पैर सुन्न हो गए। उसकी चीख निकली और फोन में आवाज आनी बंद हो गई। परिवार के लोगों ने उसके दोस्तों को घटना के बारे में बताया। 

इसके बाद उन्होंने करीब 23 बार लगातार संटी को कॉल की, लेकिन किसी ने कॉल नहीं उठाई। उन्होंने मैसेज भी भेजे, लेकिन कोई रिप्लाई नहीं आया। परिवार ने संटी के दोस्तों को उसे देखने के लिए भेजा। घटना के 4 से 5 घंटे के बाद जब संटी के दोस्त कमरे पर पहुंचे तो उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं बंटी ने आगे बताया कि संटी का शव मंगाने के लिए उन्होंने डीसी ऑफिस से लेकर भाजपा के नेताओं तक गुहार लगाई, लेकिन किसी ने उनकी मदद नहीं की।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें) 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static