अमेरिका में करनाल के युवक का खूनी खेल, युवती की गोली मारकर खुद की भी दी जान... ब्लैकमेलिंग का गंभीर आरोप

punjabkesari.in Monday, Sep 14, 2026 - 03:31 PM (IST)

करनाल: अमेरिका के कैलिफोर्निया से एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहाँ के एक रेस्टोरेंट के बाहर भारतीय मूल की एक 38 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई, और जब अमेरिकी पुलिस ने आरोपी युवक का पीछा किया, तो उसने भी खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। आरोपी युवक हरियाणा के करनाल जिले के पाढ़ा गांव का रहने वाला था।

 
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करनाल के पाढ़ा गांव का रहने वाला 23 वर्षीय रोहित वर्ष 2023 में एरिजोना के रास्ते (डंकी रूट) अवैध तरीके से अमेरिका गया था। अमेरिका में वह पेट पालने के लिए डिलीवरी ब्वॉय का काम करता था। यह पूरी मर्डर-सुसाइड की घटना 8 सितंबर को घटी।

मृतक युवक के पिता राजेश ने बताया कि रोहित को आगामी 22 सितंबर को वापस भारत लौटना था और 28 सितंबर को उसका जन्मदिन था। पिता का आरोप है कि अमेरिका में रहने वाली शालिनी नाम की युवती ने रोहित को अपने प्रेम जाल में फंसाया था और बाद में उसके नाम पर अश्लील वीडियो बनाकर उसे मानसिक रूप से ब्लैकमेल करने लगी थी।

 प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रोहित युवती शालिनी पर शादी करने का लगातार दबाव बना रहा था, लेकिन उम्र में काफी अंतर होने के कारण शालिनी के परिवार ने इस रिश्ते से साफ इंकार कर दिया था। इसके बाद दोनों के बीच विवाद गहराता गया।

अमेरिका में रोहित के साथियों ने परिजनों को बताया कि रोहित मानसिक रूप से बेहद परेशान रहता था। आरोप यह भी है कि युवती के पास रोहित का एटीएम कार्ड भी था और उसने 6 महीने पहले युवती से ही गिफ्ट में मिली पिस्तौल से इस खौफनाक कदम को अंजाम दिया। फिलहाल, अमेरिकी पुलिस इस पूरे मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है ताकि हत्या और आत्महत्या के असली कारणों का पूरी तरह से खुलासा हो सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Imran

Related News

static