इंस्टाग्राम पर विदेशी टूर का झांसा देकर युवती से 2 लाख की ठगी, इजरायल वीजा दिलाने का दिया था लालच
punjabkesari.in Saturday, Mar 07, 2026 - 06:54 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल): कुरुक्षेत्र जिले के गांव बगथला की एक युवती से सोशल मीडिया पर विदेशी टूर का लालच देकर करीब 2 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को विदेशी ग्रुप टूर कंपनी का एजेंट बताते हुए इजरायल का वीजा लगवाने का झांसा दिया और एडवांस के नाम पर पैसे ठग लिए। पैसे लेने के बाद आरोपी ने न तो वीजा लगवाया और न ही रकम वापस की।
पीड़िता बलजिंदर कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने इंस्टाग्राम पर विदेशी हॉलिडे टूर का एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन पर क्लिक करने पर एक दूसरी इंस्टाग्राम आईडी francis_masih खुली, जिसमें विदेशी ग्रुप टूर कराने का दावा किया गया था। उस विज्ञापन में एक व्हाट्सएप नंबर भी दिया गया था।
बलजिंदर कौर ने उस नंबर पर संपर्क किया तो कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम फ्रांसिस बताया। उसने कहा कि वह इजरायल समेत कई देशों में ग्रुप टूर करवाते हैं। भरोसा दिलाने के लिए आरोपी ने अपनी इंस्टाग्राम आई.डी. पर विदेशी टूर की कई वीडियो भी दिखाई, जिससे युवती उसके झांसे में आ गई। इसके बाद व्हाट्सएप पर टूर पैकेज को लेकर बातचीत हुई। आरोपी ने इजरायल का वीजा लगवाने का भरोसा दिलाते हुए एडवांस पेमेंट की मांग की और दो बैंक खातों की डिटेल भेजी। युवती ने पहले 95 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपी के कहने पर दूसरी किस्त भी अपने भाई के मोबाइल से यूपीआई के जरिए भेज दी। इस तरह आरोपी के खातों में कुल करीब 2 लाख रुपये ट्रांसफर हो गए।
पीड़िता के अनुसार पैसे भेजने के बाद वह कई दिनों तक वीजा आने का इंतजार करती रही, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जब उसने आरोपी के नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की तो कॉल भी रिसीव नहीं हुई। इसके बाद उसे ठगी का अहसास हुआ और उसने तुरंत साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने साइबर थाना कुरुक्षेत्र में मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है।