सर्वे से लोगों की सोच बदलकर आम आदमी पार्टी वोट नहीं ले सकती : संदीप सिंह

1/19/2022 10:51:01 AM

चंडीगढ़ (धरणी) : विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भारतीय जनता पार्टी ने पड़ोसी राज्य पंजाब में मीडिया संचालक के तौर पर प्रदेश के सिख चेहरा खेल मंत्री संदीप सिंह को मैदान में उतारा है। संदीप सिंह एक बेहद लाजवाब हॉकी खिलाड़ी रहे हैं और देश की टीम का नेतृत्व कर चुके हैं। उन्हें प्रदेश के खेल मंत्री की जिम्मेदारी इसी कारण से सौंपी गई थी। लेकिन आज वह राजनीतिक मैदान के भी एक धुरंधर खिलाड़ी के रूप में माने जाने लगे हैं। पंजाब सिख बाहुल्य सूबा होने के कारण उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

उन्होंने हाल ही में आए मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में सबसे बड़ी पसंद भगवंत मान के बारे में टिप्पणी करते हुए कहा है कि सर्वे  करने वाले अपने हिसाब से सर्वे तैयार करते हैं। सोशल मीडिया में दिखाई जाने वाली हर चीज असली नहीं होती। सोशल मीडिया में हर खूबसूरत दिखने वाला व्यक्ति असलियत में खूबसूरत नहीं होता। सर्वे में कुछ भी आ सकता है। लेकिन सवाल यह है कि क्या सर्वे से प्रदेश की जनता इन्हें कबूल कर लेगी ? यह मैटर नहीं करता कि आप पहले क्या थे और अब क्या हैं। मैटर यह करता है कि लोगों के लिए आप कामयाब हैं या नहीं ? लोग आपको पसंद करते हैं या नहीं ? लोग आपको मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं या नहीं ? यह वोट मिलने पर आधारित बात है।

संदीप सिंह ने कहा कि सर्वे में चाहे केजरीवाल हो या भगवंत मान कोई भी अपना नाम आगे ला सकता है। लेकिन इस सर्वे से लोगों की पसंद नहीं बदल सकती।आज आम आदमी पार्टी अगर दिल्ली की तुलना पंजाब से करती है तो मैं बता देना चाहता हूं कि पंजाब के 1 जिले के बराबर भी दिल्ली नहीं है। दिल्ली की वर्किंग और पंजाब की वर्किंग में दिन रात का फर्क है। छोटे क्षेत्र में काम करना आसान होता है। लेकिन बड़े क्षेत्र की जिम्मेदारियां हर किसी के बस की बात नहीं होती। आज देश के प्रधानमंत्री कोविड जैसी महामारी की दो लहरों के चलते किस प्रकार से देश के लोगों को सुरक्षित रख पाए।

दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद देश के हर वर्ग खिलाड़ी, नौजवान, महिला, बुजुर्ग, किसान, ऑटो रिक्शा चालक, बिजनेसमैन, गरीब- अमीर सभी के बारे में सोच कर आगे बढ़ रहे हैं। जिस पार्टी की सोच केवल अपना नाम चमकाना होता है। मुझे नहीं लगता कि ऐसी पार्टी ज्यादा लंबे समय तक आगे बढ़ पाएगी। आज केजरीवाल पूरे देश में यह दिखाना चाहते हैं कि वह दिल्ली में बैठकर काम कर रहे हैं। लेकिन असलियत अगर दिल्ली के लोगों से पूछी जाए उनकी दिक्कतों के बारे में पूछा जाए तो इसमें जमीन आसमान का अंतर आ जाएगा। लोगों की पीड़ा क्या है और लोगों तक पहुंचना कैसे है, यह जानना बहुत जरूरी है और रही पंजाब और हरियाणा की तुलना की बात तो आप हरियाणा और पंजाब में मौजूदा खिलाड़ियों के लिए योजनाओं में अगर फर्क देखें तो तुलना बेहद आसान हो जाएगी।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana