प्रदेश में महागठबंधन की आखिरी गांठ भी खोल दी ‘आप’ ने

7/21/2019 9:24:52 AM

जींद (जसमेर): लोकसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश और बिहार में भाजपा के खिलाफ महागठबंधन के प्रयोग की हवा निकलने का असर हरियाणा की राजनीति पर भी पड़ा है। हरियाणा विधानसभा के चुनावों में भाजपा के खिलाफ विपक्ष के महागठबंधन की आखिरी गांठ भी शनिवार को जींद में आम आदमी पार्टी ने पूरी तरह खोल दी। पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने साफ कहा कि प्रदेश में वर्तमान हालात में किसी भी दल के साथ आम आदमी पार्टी के गठबंधन की कोई संभावना नहीं है। पार्टी प्रदेश में सभी 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। 

शनिवार को पार्टी की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में नवीन जयहिंद ने प्रदेश में भाजपा के खिलाफ विपक्ष के महागठबंधन को लेकर सवाल के जवाब में कहा कि प्रदेश में ऐसा कोई महागठबंधन फिलहाल बनने की संभावना नजर नहीं आ रही। आम आदमी पार्टी अपने बूते विधानसभा चुनाव लड़ेगी और सभी 90 सीटों पर प्रत्याशी खड़े करेगी। उनके इस बयान से प्रस्तावित महागठबंधन बनने से पहले ही बिखर गया है।

उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनावों में जजपा और आम आदमी पार्टी का गठबंधन था जो अब टूट गया है। आम आदमी पार्टी सभी सीटों पर चुनाव लडऩे की बात कर रही है। जजपा ने भले ही अभी तक आम आदमी पार्टी के साथ चुनावी गठबंधन टूटने की बात आधिकारिक रूप से नहीं स्वीकारी लेकिन उसके राष्ट्रीय प्रधान महासचिव डा.के.सी. बांगड़ का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में किसी दल के साथ उनकी पार्टी के गठबंधन के आसार नजर नहीं आ रहे। इससे अब साफ हो गया है कि भाजपा,कांग्रेस,जजपा,इनैलो,बसपा, लोसुपा, आम आदमी पार्टी,स्वराज इंडिया पार्टी,राष्ट्रीय लोकस्वराज पार्टी जैसे सभी दल विधानसभा चुनावों में अकेले अपने बूते ताल ठोंकेंगे। 

Edited By

Naveen Dalal