ओवरलोडिड वाहनों के खिलाफ ‘आप’ ने किया अनोखा प्रदर्शन

3/28/2017 3:41:29 PM

यमुनानगर(हरिंदर सिंह):ओवरलोडिड वाहनों के खिलाफ ढोल बजाकर आर.टी.ए. कार्यालय में आम आदमी पार्टी कार्यर्त्ताओं ने रोष व्यक्त किया। युवा प्रदेश अध्यक्ष प्रभजीत सिंह ने नेतृत्व करते हुए प्रदर्शन किया। इस से पूर्व कार्यकर्त्ताओं ने बस स्टैंड जगाधरी से आर.टी.ए. कार्यालय तक नारेबाजी की। बेलगाम चल रहे ओवरलोड को बंद करने की मांग की गई। उसके बाद उन्होंने अधिकारियों से बातचीत की। प्रभजीत सिंह ने कहा कि जिले में ओवरलोड वाहन चल रहे हैं। इनके कारण सड़कें टूटती जा रही हैं। लगातार लोग इस मुद्दे को उठा रहे हैं। जिले में अधिकतर माइनिंग के ओवरलोड ट्रक चलते हैं। 

उन्होंने बताया अधिकारी नींद से जागें और चल रहे ओवरलोडिड वाहनों पर शिकंजा कसें। उसके बाद विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और कार्यकर्त्ताअों से बातचीत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही इस पर शिकंजा कसा जाएगा। प्रदर्शन में शामिल शेरा, मुस्तकीन, अजय धीमान ने बताया कि ओवरलोडिड ट्रकों के नीचे आने से कई मौतें हुई हैं। विभाग समय रहते कार्रवाई करे तो सड़कें लाल होने से बच जाएंगी। मौके पर सुरेंद्र गुर्जर, योगी शर्मा, सद्दाम, बिट्टू राणा, इमरान, धर्मेंद्र, अंकुश, मुस्तकीन, कृष्ण, बिल्लू, राजन, मोहित आदि लोग मौजूद थे। उधर, आर.टी.ए. के सचिव देवेंद्र कौशिक का कहना है कि वे टीम के साथ दिन-रात कार्रवाई कर रहे हैं। मार्च माह में अभी तक 304 चालान किए गए हैं। 5 लाख 60 हजार से अधिक का राजस्व जुटाया गया है। सचिव ने बताया कि विभाग के पास एक और गाड़ी आ गई है। इससे अधिक कार्रवाई करने में मदद मिलेगी और अधिक से अधिक चालान किए जाएंगे।