''आप'' के राष्ट्रीय सलाहकार अनुराग ढांडा का कांग्रेस पर कटाक्ष, बोले - भाजपा खुद चाहती है कि कांग्रेस विपक्ष में बनी रहे

2/18/2023 9:20:18 PM

रोहतक (दीपक भारद्वाज) : नीतीश कुमार भाजपा को हराने के लिए कांग्रेस पार्टी से आह्वान कर रहे हैं कि सभी विपक्षी दलों को इकट्ठा करने में देरी ना करें। लेकिन इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपना स्टैंड क्लियर कर दिया है। रोहतक पहुंचे आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय सलाहकार अनुराग ढांडा ने कहा कि आम आदमी पार्टी किसी भी गठबंधन में शामिल नहीं होगी। उन्होंने तो यहां तक कह दिया कि कांग्रेस में भारतीय जनता पार्टी को हराने की क्षमता ही नहीं है और भाजपा तो यह चाहती है कि कांग्रेस विपक्ष में आए।

भले ही नीतीश कुमार बीजेपी को हराने के लिए कांग्रेस से विपक्ष को इकट्ठा करने का आह्वान कर रहे हैं। लेकिन आप पार्टी विपक्षी दलों के गठबंधन में शामिल नहीं होगी। यह ऐलान आप पार्टी के राष्ट्रीय सलाहकार अनुराग ढांडा ने किया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी किसी भी तरीके के गठबंधन में विश्वास नहीं रखती है। वे आप पार्टी की नीतियों तथा जनता के मुद्दों को लेकर अपना अभियान जारी रखेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर यह कोई सोच रहा है कि कांग्रेस पार्टी भाजपा को हरा सकती है तो वह गलतफहमी में है। कांग्रेस पार्टी में इतनी क्षमता ही नहीं है कि वह भाजपा को हरा सके। भाजपा तो खुद चाहती है कि कांग्रेस विपक्ष में बनी रहे क्योंकि भाजपा को पता है कि जब तक कांग्रेस विपक्ष में बनी रहेगी देश में भाजपा की सरकार बनी रहेगी। कांग्रेस के पास ना ही कोई नीति है और ना ही नेतृत्व। आज के दिन सबसे कमजोर संगठन कांग्रेस पार्टी का है। भाजपा भी चाहती है कि आम आदमी पार्टी आगे ना आए, क्योंकि आप ही भाजपा का सफाया कर सकती है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Writer

Gourav Chouhan