''आप'' का आतंकियों से नाता जोड़ने वाले विधायक के घर के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं का हंगामा

5/16/2022 1:10:09 PM

कैथल(जयपाल): विधायक लीलाराम गुर्जर के विवादित बयान के खिलाफ आज आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा कैथल में विरोध प्रदर्शन किया गया। आप कार्यकर्ताओं ने विधायक की कोठी का घेराव करने की भी कोशिश की, लेकिन पुलिस ने बैरिकेट्स लगाकर उन्हें आगे नहीं जाने दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेट्स तोड़ने की, जिसके चलते पुलिस के साथ उनकी धक्का-मुक्की भी हुई।

दरअसल बीती रोज, कैथल से बीजेपी विधायक लीलाराम गुर्जर ने एक बयान दिया था, जिसमें कहा था कि आम आदमी पार्टी के लोग आतंकवादियों के साथ मिले हुए हैं। यह आतंकवादियों की पार्टी है। इससे नाराज होकर आज आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विधायक के निवास के बाहर प्रदर्शन करते हुए अपनी गिरफ्तारी देने की मांग की। उनका कहना है कि अगर हम आतंकवादी हैं, तो पुलिस हमें गिरफ्तार कर जेल में डाल दे। आप कार्यकर्ताओं का कहना है कि आप पार्टी को आतंकियों की पार्टी बताने वाले, विधायक लीलाराम सुबह 8:00 बजे से रात 8:00 बजे तक नशे में रहते हैं और इस तरह के अनाप-शनाप बयान देते हैं।

पहले भी विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में रह चुके विधायक

बता दें कि यह कोई पहला मामला नहीं है जब लीलाराम ने ऐसा विवादित बयान दिया है। इससे पहले भी वे कई बयान विवादित दे चुके हैं। उनके बयानों को लेकर कई बार हंगामा भी हो चुका है। यही नहीं लीलाराम को अपनी ही सरकार के खिलाफ बयान देने के लिए भी जाना जाता है। लीला राम ने अपने निवास स्थान पर प्रेसवार्ता कर बताया था कि अधिकारी उनकी कोई भी सुनवाई नहीं करते। इससे पहले लीलाराम का एक और विवादित बयान आया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि मोदी जी के आदेश मिलते ही मियां जी का 1 घंटे में देश से सफाया कर देंगे। इसके बाद लीलाराम ने किसान आंदोलन के लिए भी किसानों को खालिस्तानियों से जोड़कर बयान दिया था।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Writer

Vivek Rai