''आप'' ने याद कराए भाजपा के पुराने दिन, कार्यकर्ताओं ने अर्धनग्न होकर किया प्रदर्शन

7/1/2020 8:55:31 PM

यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता): आम आदमी पार्टी ने पेट्रोलियम पदार्थों में वृद्धि को लेकर यमुनानगर में अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया और सरकार विरोधी नारे लगाए। आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष नरेश कंबोज का कहना है कि आज इतिहास में पहली बार हुआ है जब डीजल के दाम पेट्रोल से भी ज्यादा हो गए हैं। उन्होंने कहा कि अभी धान की रोपाई का सीजन है किसानों को डीजल की भारी जरूरत है लेकिन डीजल के बढ़ते दामों से किसान परेशान है चिंतित है। वहीं ट्रांसपोर्ट भी बढ़ते पेट्रोल व डीजल के मूल्यों से बुरी तरह प्रभावित है।

उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति पहले से ही कोरोना के चलते खराब थी, लेकिन डीजल व पेट्रोल के रेट लगातार बढऩे से आम आदमी को भारी मुसीबत में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि वह इसलिए अर्धनग्न होकर प्रदर्शन कर रहे हैं क्योंकि भाजपा ने भी पेट्रोल व डीजल के मूल्यों में बढ़ोत्तरी के बाद अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया था, लेकिन अब वह चुप्पी साधे हुए हैं।

गौरतलब है कि पेट्रोल व डीजल के दाम लगातार बढऩे से समाज के सभी वर्ग प्रभावित होने लगे हैं। कांग्रेस लगातार इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन कर रही है। वहीं अन्य राजनीतिक पार्टियों का सामाजिक संगठन भी इसको लेकर सरकार के खिलाफ हल्ला बोल रहे हैं जो भाजपा के लिए सुखद स्थिति नहीं है।

Shivam