आम आदमी पार्टी के संपर्क में रॉकी मित्तल!

2/4/2017 10:45:23 AM

चंडीगढ़ (बंसल):हरियाणा सरकार द्वारा पिछले एकाएक एडवाइजर (ऑडियो-विजुअल) पद से हटाए गए रॉकी मित्तल आम आदमी पार्टी के संपर्क में है। स्वर्ण जयंती समारोहोंं के दौरान करोड़ों रुपए के घोटाले का आरोप लगाने वाले रॉकी मित्तल ने चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी हरियाणा के अध्यक्ष नवीन जयहिंद के साथ मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद सत्तारूढ़ भाजपा खेमें में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। रॉकी मित्तल ने वर्ष 2014 में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबंध में मोदी चालीसा गाया था। रॉकी मित्तल, भाजपा के प्रचारकों की सूची में शामिल रहे हैं और उन्होंने गुजरात में भी नरेंद्र मोदी के प्रचार का काम किया है। जिसके चलते हरियाणा सरकार ने कुरुक्षेत्र में हरियाणा सांस्कृतिक परिषद का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था लेकिन रॉकी मित्तल ने इस पद पर ज्वाइन करने से इंकार कर दिया था। इसके कुछ महीनों बाद सरकार ने मित्तल को एडवाइजर (ऑडियो-विजुअल) नियुक्त किया।

नियुक्ति के कुछ दिनों बाद ही हरियाणा सरकार ने रॉकी मित्तल को पद मुक्त कर दिया था। चर्चाएं है कि मुलाकात के दौरान रॉकी मित्तल ने कथित तौर पर आप अध्यक्ष नवीन जयहिंद को हरियाणा सरकार में हुए कथित घोटाले के संबंध में कुछ दस्तावेज भी सौंपे हैं। इस बारे में संपर्क करने पर रॉकी मित्तल ने कहा कि आज हुई मुलाकात सामान्य थी। दूसरी तरफ आप अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने कहा कि रॉकी मित्तल उनके निजी मित्र हैं और यह केवल शिष्टाचार मुलाकात थी।