कांग्रेस पर दबाव बनाने के लिए अभय चौटाला का दांव, राजस्थान में भाजपा व माकपा उम्मीदवार की मदद का किया ऐलान

10/24/2023 10:01:38 AM

सिरसा(सतनाम सिंह): इनेलो महासचिव व ऐलनाबाद से विधायक अभय सिंह चौटाला ने राजस्थान के विधानसभा चुनावों में भादरा विधानसभा सीट से बलवान पूनिया व नोहर विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अभिषेक मटोरिया की मदद करने का ऐलान किया है। वहीं अभय चौटाला ने अपने बड़े भाई अजय चौटाला व भतीजे दुष्यंत चौटाला से सवाल भी किया कि क्या वे गठबंधन धर्म निभाते हुए भाजपा उम्मीदवार अभिषेक मटोरिया की मदद करेंगे।

इस दौरान अभय चौटाला ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में  इनेलो की सरकार बनने का दावा किया। इसके अलावा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए इनेलो नेता ने प्रदेश सरकार को पूर्ण रूप से भ्रष्टाचारी सरकार बताया है। अभय चौटाला 4 व 5 नवंबर को अपने पोते उधम सिंह के जन्मदिन के उपलक्ष्य में रखे गए कार्यक्रम के निमंत्रण देने सिरसा पहुंचे थे।

अभय चौटाला ने कहा कि वे राजस्थान की भादरा विधानसभा सीट से बलवान पूनिया के पक्ष में प्रचार करेंगे। वहीं नोहर विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अभिषेक मटोरिया की मदद करने का काम करेंगे। अभय चौटाला ने कहा कि कुछ रिश्ते निभाए जाते हैं, हर जगह राजनीति नहीं होती। इस दौरान उन्होंने अजय चौटाला व दुष्यंत चौटाला से पूछा कि हरियाणा में तो भाजपा के साथ गठबंधन है। उनसे पूछो कि वह राजस्थान में किसकी मदद करेंगे। अभय ने कहा कि वहां यदि मेरी पार्टी चुनाव लड़ती तो मैं उसकी मदद करता, लेकिन यहां मैं गैर कांग्रेसी की मदद कर रहा हूं। 

वहीं अभय चौटाला ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं आने वाली है। इसलिए भूपेंद्र सिंह हुड्डा उपमुख्यमंत्री के पद बांटते फिर रहे हैं।  साथ ही अभय चौटाला ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में प्रदेश में इनेलो की सरकार बनेगी और उसके अगले  ही दिन पंजाब व  केंद्र सरकार को SYL  के निर्माण के लिए मजबूर कर देंगे। उन्होंने कहा जो हमारा पानी रोकने का काम करेगा हम उसके रास्ते रोकने का काम करेंगे। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि हमारी सरकार बनने के बाद SYL  का पानी नहीं मिलेगा तो वह हरियाणा से दिल्ली जाने वाला पानी रोक देंगे।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Saurabh Pal