अभय ने अपने चौटाला भतीजों को किया चैलेंज, कहा- अगर देवीलाल के वारिस हैं तो...

4/18/2021 11:23:07 PM

सिरसा (सतनाम सिंह): इनेलो प्रधान महासचिव और ऐलनाबाद के पूर्व विधायक अभय चौटाला ने आज हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला पर जमकर हमला बोला। अभय ने कहा कि दुष्यंत चौटाला पीएम नरेंद्र मोदी को खत लिखने की बजाए हरियाणा सरकार से अपना इस्तीफा वापस लें। उन्होंने चुनौतीपूर्ण तरीके से कहा कि अगर दुष्यंत चौटाला देवीलाल के वारिस है तो जल्द से सरकार से इस्तीफा दें। अभय आज सिरसा की अनाज मंडी का दौरा कर रहे थे। अभय चौटाला ने मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा-जजपा सरकार पर कई जवाबी हमले किए। 



इस दौरान अभय ने कहा कि दुष्यंत चौटाला के पिता डॉ. अजय चौटाला कहते हैं कि दुष्यंत चौटाला का इस्तीफा उनकी जेब में है लेकिन वे इस्तीफे के नाम पर केवल राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब अजय चौटाला जेल में वापस लौट गए हैं और इस्तीफा अभी भी उनकी जेब में होने का दावा करते हैं। उन्होंने कहा कि अब जजपा के नेता कहेंगे कि अजय चौटाला जेल में वापस लौट गए है इस्तीफा कैसे देंगे।



वहीं अभय चौटाला ने जजपा की गुटबाजी पर तंज कसते हुए कहा कि टोहाना के विधायक बार-बार भाजपा-जजपा सरकार के खिलाफ बयानबाजी करते हैं। अब दुष्यंत चौटाला देवेंद्र बबली को शांत करवाने के लिए उनको मंत्रिमंडल में शामिल करवाने का ड्रामा रच रहे हैं लेकिन सच्चाई है कि दुष्यंत चौटाला देवेंद्र बबली को मंत्री बनाने की बजाए दिग्विजय चौटाला को मंत्री बनाना चाहते हैं। 

उन्होंने कहा कि दुष्यंत अपने भाई को मंत्री बनाने के लिए ऐलनाबाद सीट से उप चुनाव लड़वाना चाहता है। अगर ऐसा होता है तो दिग्विजय चौटाला का ऐलनाबाद उप चुनाव के लिए स्वागत है। उन्होंने कहा कि अगर दिग्विजय चौटाला देवीलाल की नीतियों पर चल रहे हैं तो ऐलनाबाद सीट से चुनाव लड़कर देख लें उनको हकीकत पता चल जाएगी।

सरकार चाहती है कि किसान मंडी के बजाए अडानी अंबानी को अपना गेहूं बेचे: अभय चौटाला
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Shivam