महामहिम को प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लागू कर देना चाहिए: अभय चौटाला

5/19/2021 8:11:11 PM

चंडीगढ़ (धरणी): पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं इंडियन नेशनल लोकदल के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने कहा कि हरियाणा को अगर कोई बचा सकता है तो वह स्वयं मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर है। अगर वो तुरंत इस्तीफा दे दें तो यह प्रदेश बच जाएगा अन्यथा महामहिम को इस पर संज्ञान लेते हुए प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लागू कर देना चाहिए। यह बात उन्होंने बुधवार को चंडीगढ़ स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस वार्ता को सम्बोधित करते हुए कही। 

उन्होंने मुख्यमंत्री पर सीधे आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में कोरोना को फैलाने के जिम्मेदार स्वयं मनोहर लाल खट्टर हैं। जब प्रदेश में धारा 144 लगा रखी है तो मुख्यमंत्री द्वारा एक अस्थायी अस्पताल के उद्घाटन में सैकड़ों लोगों की भीड़ इकट्ठी कर सारे नियम तोड़े गए। इसका नतीजा यह हुआ कि लोग अब सोशल डिस्टेंसिंग जैसे नियमों को तोडऩे का ऐलान करने लगे हैं जिसके कारण कोरोना संक्रमण फैलने की संभावना अधिक हो गई है।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का हर व्यक्ति चाहे वो किसान, मजदूर, कर्मचारी या व्यापारी है, सभी परेशान हैं। मुख्यमंत्री ऐसे फैसले ले रहा है जिससे लोगों की परेशानियां भयंकररूप से बढ़ गई हैं। भाजपा गठबंधन सरकार द्वारा प्रदेश में 500-500 बैड के दो अस्थार्यी अस्पताल हिसार और गुरुग्राम में खोले गए जिन पर करोड़ों रुपए का खर्च किया गया लेकिन वहां पर न तो डॉक्टर हैं, न ही ऑक्सीजन है और न ही वेंटीलेटर हैं। 

हिसार में 28 करोड़ रुपए की लागत से खोले गए अस्थायी अस्पताल में तो वेंटीलेटर की कमी के कारण तीन लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। इस दौरान भाजपा और जजपा पार्टी को छोडक़र आए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने इनेलो में शामिल होने का ऐलान किया। जिसमें प्रमुख रूप से कलायत नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन सलिंद्र प्रताप राणा, सुरेंद्र बाल्मीकि, मुथरा ढुल बडसिकरी, पूर्व पार्षद दशरथ राणा, हुकम सिंह राणा, राजबीर राणा, सुखपाल राणा, अमित राणा कानापट्टी, रॉकी राणा, ऋषिपाल बाल्मीकि, कालू बडसिकरी, सलिंद्र बडसिकरी, मेंकर राणा, हमर राणा, रणधीर राणा, रोहताश हरिजन एवं गौरव राणा शामिल हुए। जजपा कार्यकर्ता जंगा राम बाल्मीकि भी इनेलो में शामिल हुए। 
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

Content Writer

vinod kumar