अभय चौटाला का दावा- बरोदा उप चुनाव के बाद गिर जाएगी भाजपा-जजपा सरकार

7/3/2020 5:32:52 PM

यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता): इनेलो के वरिष्ठ नेता अभय चौटाला का दावा है कि हरियाणा में इस समय भाजपा जजपा और कांग्रेस की सरकार है, जो ज्यादा दिन तक टिकी नहीं रहेगी, क्योंकि यह लुटेरों का गिरोह है। उन्होंने दावा किया कि बरोदा उप चुनाव के बाद सरकार गिर जाएगी। यमुनानगर पहुंचे अभय चौटाला ने कहा कि सरकार वह चलती है, जिसका पहले से गठबंधन हो, हरियाणा में भाजपा सत्ता में आना चाहती थी और जिन्होंने भाजपा को सहयोग किया वह भी सत्ता में आना चाहते थे। इस तरह यह लुटेरा गिरोह सत्ता में आ गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा में नशा करने वालों को सरकार का समर्थन प्राप्त है। प्रदेश में शराब माफिया सक्रिय हो चुका है। हरियाणा में अपहरण व बलात्कार करने वालों को भी सरकार का समर्थन प्राप्त है। ऐसे लोग सत्ता पक्ष के लोगों की गाडिय़ों में घूमते हैं, इसलिए पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं करती। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अवैध माइनिंग माफिया सक्रिय है जिसे सत्ता में बैठे लोगों का संरक्षण प्राप्त है।



वहीं इनेलो नेता ने कहा कि हरियाणा में भाजपा जजपा और कांग्रेस की सरकार है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भाजपा से मिले हुए हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा प्रत्याशी सुभाष चंद्रा की मदद की थी, जिसका एहसान भाजपा ने दीपेंद्र हुड्डा को राज्यसभा चुनाव जितवा कर चुकाया है। उन्होंने कहा कि बरोदा उप चुनाव के बाद सरकार गिर जाएगी।

प्रदेश में 1983 पीटीआई टीचरों को हटाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जिस समय फैसला आया उस समय भाजपा को सुप्रीम कोर्ट में रिव्यू के लिए जाना चाहिए था और बताना चाहिए था कि यह सभी टीचर गलत नहीं है कुछ लोग गलत हैं और जिन लोगों ने ऐसे लोगों को ज्वाइन कराया है उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

Shivam