वित्तमंत्री अभिमन्यु व कृषिमंत्री धनखड़ का होगा जातीय बहिष्कार: भाकियू(video)

1/5/2018 7:17:45 PM

नारनौंद(हरकेश जांगड़ा): नारनौंद की अनाज मंडी में आज भारतीय किसान यूनियन द्वारा एक महापंचायत आयोजित की गई, जिसमें हिसार व जीन्द जिले के किसानों ने इसमें भाग लिया।  इस महापंचायत की अध्यक्षता भारतीय किसान यूनियन के उपाध्यक्ष बिल्लू खाण्डा ने की व प्रदेशाध्यक्ष रतनमान व कई जिलों के प्रधानों ने किसानों को संबोधित किया। भारतीय किसान यूनियन ने आने वाली 28 जनवरी से सभी विधायकों व सांसदो के खिलाफ एक मुहिम 'गोसा सिलगाओ हुक्का गुड़गुड़ाओ' छेडऩे का ऐलान किया जाएगा।

भारतीय किसान यूनियन के उपाध्यक्ष बिल्लू खाण्डा ने बताया कि, हमने किसानों की मांगो को लेकर आज नारनौंद के एसडीएम राजीव अहलावत को ज्ञापन सौंपा है। जिसमें मुख्यत: बिजली बिल लागू ना करना, बिजली विभाग की छापेमारी बंद करने, बिजली विभाग दवारा दर्ज मुकदमे रद्द करने, ट्रैक्टर पर टैक्स ना लगाए जाने आदि अन्य कई मांगे हैं। उन्होंने कहा कि, किसानों के फसल का भुगतान आढ़ती के माध्यम से की जाए। हमने सरकार को एक सप्ताह का समय दिया है अगर सरकार ने हमारी मांगे नहीं मानी तो हम आने वाले शुक्रवार को हरियाणा के वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु व कृषिमंत्री ओमप्रकाश धनखड़ का जातीय बहिष्कार करेंगे।

भारतीय किसान यूनियन के प्रदेषाध्यक्ष रतन मान ने कहा कि, जब से भाजपा की सरकार आई है तब से किसान को रूलाने के सिवाय किसान को कुछ नहीं किया है। आज 6 लाख किसान परिवार कर्जे से दबा हुआ है। उन्होंने कहा कि, सरकार किसान को कर्ज मुक्त करे, 60 साल की उम्र होने पर किसान को 5 लाख रूपये एक मुफ्त पेंशन दिया जाए। 

उन्होंने बताया कि, हरियाणा के सभी विधायकों व सांसदो के घर के बाहर हम गोसा सुलगाएंगे हुक्का गुडग़ुड़ाएंगे। उन्होंने बताया कि, किसी के घर बाहर गोसा तब सुलगाया जाता है जब उसके घर पर कोई अनर्थ हुआ हो। विधायकों और सांसदों के घर गोसा सुलगाकर चेताना चाहते है कि हमारा किसान हर रोज मर रहा है तो उसके घर मे किस प्रकार का मातम मनाया जाता है।

बता दें कि, हरियाणा में गोसा गोबर के बने कण्डे, उपलों को कहा जाता है।